हल्द्वानी: पीलिया झड़ाने गया था, ट्रंचिंग ग्राउंड के पास मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बैंक से छुट्टी लेकर पीलिया झड़ाने निकले बैंक कर्मी की मौत हो गई। उसका शव ट्रंचिंग ग्राउंड के पास मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 

आमवाला देहरादून निवासी राजन थापा (47 वर्ष) नैनीताल डिस्ट्रिक को-ऑपरेटिव बैंक में सिक्योरिटी गार्ड था। पिछले कुछ दिनों से उसे पीलिया की शिकायत थी और किसी ने उसे बताया कि था गौलापार में पीलिया झाड़ने वाला है। बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह बैंक से कुछ देर की छुट्टी ली थी।

बैंक में बताया था कि वह गौलापार पीलिया झड़ाने जा रहा है। स्कूटी से निकला राजन वापस नहीं लौटा। कुछ लोगों ने उसे ट्रंचिंग ग्राउंड के पास पड़ा देखा तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उसे एसटीएच भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 

फायरमैन की पीलिया से मौत
हल्द्वानी : पनौली अल्मोड़ा निवासी प्रकाश चंद्र पांडे (37 वर्ष) अ​ग्निशमन विभाग हल्द्वानी में फायरमैन के पद पर तैनात थे। वह ​बिठौरिया नंबर एक में पत्नी, दो बेटों और एक बेटी के साथ रहते ​थे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने बताया कि प्रकाश को पीलिया की ​शिकायत थी। वह 26 नवंबर को तीन दिन की छुट्टी पर गए थे। बाद में पीलिया बिगड़ने पर उन्होंने छुट्टी बढ़ा ली। गुरुवार सुबह करीब तीन बजे तबियत बिगड़ने पर उन्हें एसटीएच ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घो​षित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

संबंधित समाचार