शाहजहांपुर: हाईटेंशन लाइन से सरिया छूने पर झुलसे दो मजदूर, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रौसर कोठी में लिंटर डालने के दौरान हुआ हादसा

रौसरकोठी/ शाहजहांपुर, अमृत विचार। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव रौसरकोठी में निर्माणाधीन मकान में लिंटर डालने के दौरान हाईटेंशन लाइन से सरिया छूने से दो मजदूर करंट की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जानकारी मिलते ही थाना पुलिस के साथ ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। जहां अधिकारियों ने दोनों का हाल जानने के बाद बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।देर शाम दोनों को नाजुक हालत मे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

गांव रौसर कोठी में विजय सिंह का मकान बन रहा है। इसी मकान के पास 11 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन निकली हुई है। गुरुवार को मकान में लिंटर डालने की तैयारी की जा रही थी। झूला बंधने के साथ ही लिंटर के लिए ईटे बिछाई जा चुकी थीं। शाम करीब चार बजे सरिया काट कर ईटो के बीच में डाली जा रही थी। सभी मजदूर और मिस्त्री काम में लगे हुए थे, लिंटर डालने के काम में रौसरकोठी ग्राम पंचायत के मजरा चौढ़ेरा गांव निवासी मजदूर गंगाधर और इसरार भी लगे हुए थे।

लिंटर डालने के लिए दोनों सरिया लेकर आए। सरिया तिरछी थी, इसलिए दोनों उसे सीधी करने लगे, इसी दौरान सरिया हाईटेंशन लाइन से छू गई। तेज चिंगारी के साथ ही दोनों सरिया से चिपक कर वहीं गिर गए और आग निकलने लगी। इससे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। लोग दहशत में आ गए। सूचना पुलिस को दी गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बिजली अधिकारियों को जानकारी देकर बिजली लाइन बंद कराई। इसके बाद दोनों मजदूरों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त मजिस्ट्रेट निशी सिंह, सीओ सिटी वीएसवीर कुमार भी पहुंच गए और करंट से झुलसे मजदूरों का हाल जाना। इसी बीच मजदूरों के रोते-बिलखते परिवार के लोग भी पहुंच गए। हालत नाजुक होने पर दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया।

लिंटर डालने के दौरान हाईटेंशन लाइन से सरिया छूने से दो मजदूर झुलस गए थे, उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां नाजुक हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया है। अरविंद सिंह, थानाध्यक्ष रामचंद्र मिशन

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: सरकारी अस्पताल में रहेंगे डॉक्टर, स्टाफ यूनिफार्म में 

संबंधित समाचार