बरेली: न नौ मन तेल..! राशन कार्ड बिना विकसित भारत की योजनाओं का लाभ नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संकल्प यात्रा के शिविरों से निराश लौट रहे हैं लाभार्थी बनने के लिए आने वाले तमाम लोग, कई पहुंचे थे राशन कार्ड ही बनवाने के लिए

शब्या सिंह तोमर/बरेली, अमृत विचार : सरकारी कार्यक्रम विकसित भारत संकल्प यात्रा में किसी न किसी योजना का लाभार्थी बनने की लोगों में होड़ है लेकिन तमाम उन लोगों को मायूसी ही हाथ लग रही है जिनके पास राशन कार्ड नहीं है। राशन कार्ड के बगैर वे किसी भी योजना के लिए पात्रता साबित नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें संकल्प यात्रा के शिविरों से निराश होकर लौटना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को पीलीभीत बाईपास पर आयोजित शिविर में आए तमाम गरीबों के दावे इसी कारण खारिज कर दिए गए।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत स्वनिधि ऋण योजना,आधार कार्ड संशोधन,आयुष्मान भारत, उज्जवला के तहत मुफ्त गैस सिलिंडर और प्रधानमंत्री आवास समेत पांच प्रमुख सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जरूरतमंद लोगों को उनका लाभ दिलाने के दावे किए जा रहे हैं। निकायों की ओर से इसके तहत रोज कहीं न कहीं शिविर लगाए जा रहे हैं जहां सैकड़ों की संख्या आवेदन करने के लिए लोग पहुंच रहे हैं लेकिन इन लोगों में काफी संख्या शिविरों से निराश होकर लौटने वालों की भी है। राशन कार्ड न होने की वजह से उन्हें इन योजनाओं के लिए अपात्र बताया जा रहा है।

बृहस्पतिवार को भी पीलीभीत बाईपास पर लगे दो घंटे के शिविर से करीब 50 लोगों को इसी कारण खाली हाथ लौटना पड़ा। इनमें शामिल सोमपाल, बबलू, मनीषा, मनोरमा, प्रीति, हरस्वरूप, सुमन, सनी राठौर, हेतराम,अनीता आदि ने बताया कि राशन कार्ड न होने के कारण उन्हें योजनाओं का लाभ देने से इन्कार कर दिया गया। उन्होंने बताया कि वे लोग काफी समय से राशन कार्ड बनवाने की कोशिश करते आ रहे हैं लेकिन फिर भी राशन कार्ड नहीं बन रहा है। कई लोग ऐसे भी थे जो राशन कार्ड बनवाने के लिए ही शिविर में आए थे।

आयुष्मान कार्ड की राह में परिवार मेंन्यूनतम छह सदस्य की शर्त बाधा
शिविर में आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए पहुंचे तमाम लोगों की तमन्ना लंबी कतार में लगकर इंतजार करने के बावजूद पूरी नहीं हो पाई। ये ऐसे लोग थे जिनके परिवार में छह से कम सदस्य थे। दरअसल, सरकार ने परिवार में न्यूनतम छह सदस्य होने को आयुष्मान की अनिवार्य पात्रता बना दिया है। जिन लोगों के परिवार में छह से कम सदस्य थे, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया।

पीड़ितों के बोल...
योजनाओं का प्रचार कर रहे हैं, लाभ नहीं दे रहे
सारी योजनाओं के लिए राशन कार्ड जरूरी है। मेरे पास सभी कागज हैं, लेकिन अधिकारी सुनते ही नहीं। बार-बार ऑनलाइन आवेदन कर चुकी हूं लेकिन लिस्ट में नाम नहीं चढ़ाया जा रहा है। सोचा था कि इस शिविर में राशन कार्ड बन जाएगा लेकिन यहां भी कोई स्टॉल नहीं लगा। - खुशबू,खुर्रम गौंटिया

मैं दो बार ऑनलाइन अपनी डिटेल भरवा चुका हूं। फिर भी राशन कार्ड की सूची से बार-बार नाम कट जाता है। दो साल से परेशान हूं और चक्कर काट रहा हूं। मेहनत-मजदूरी से रोज-रोज समय नहीं मिलता इसलिए आज यहां आया लेकिन यहां भी कोई मदद नहीं मिल पाई। - सोमपाल राठौर, नवादा शेखान

राशन कार्ड के लिए तीन-चार बार सभी जानकारी ऑनलाइन भरवा चुका हूं लेकिन राशन कार्ड फिर भी नहीं बन रहा है। सरकारी दफ्तरों में भी कई बार गया हूं। अधिकारियों के घर के चक्कर भी लगा चुका हूं। यहां भी कोई मदद नहीं है, सिर्फ योजनाओं का प्रचार हो रहा है। - बबलू राठौर,नवादा शेखान

सरकार ने योजनाएं तो शुरू कर दी हैं लेकिन नए राशन कार्ड नहीं बनवाए जा रहे हैं। बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी कोई नहीं सुन रहा है। सारा डेटा बार-बार ऑनलाइन भरवा चुकी हूं। गरीबों को बगैर राशन कार्ड के किसी भी योजना का लाभ भी नहीं दिया जा रहा है। - मनोरमा,पुराना शहर

ये भी पढ़ें- बरेली: ट्रक की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत, परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार