प्रदेश में फिर बरेली सबसे ठंडा, न्यूनतम पारा 4.9 डिग्री
शिमला से भी कम तापमान, रात में कांप रहे लोग
बरेली, अमृत विचार। पछुआ हवा के चलते जिले के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। जिला एक बार फिर गुरुवार को प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है। यह शिमला के तापमान से भी कम है, शिमला में गुरुवार को 5 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों ने आगे भी इसी तरह से ठंड बरकरार रहने और घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।
पिछले पांच दिनों से जिले में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास बना हुआ है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान सुबह कोहरा अधिक होने से हवा में 95 प्रतिशत और शाम को 43 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। इस दौरान 8-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चली।
पंतनगर यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डाॅ. आरके सिंह ने बताया कि अभी न्यूनतम तापमान में गिरावट रहेगी। पश्चिम और उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली हवाएं मौसम को प्रभावित कर रही हैं। बर्फीली हवाओं का असर अभी जारी रहेगा। शुक्रवार को आसमान साफ रहेगा। कभी-कभी धुंध आने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में सिस्टम बनने के असर से बादल छाए रह सकते हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: बजी सरकारी शहनाई... 538 जोड़ों ने थामा एक दूसरे का हाथ
