गरमपानी: आटावृता गांव में बुजुर्ग दंपती से मारपीट कर आरोपित फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गरमपानी, अमृत विचार। समीपवर्ती लोहाली ग्राम पंचायत के आटावृता गांव में पड़ोसी ने बुजुर्ग दंपती से मारपीट कर डाली। देर शाम बुजुर्ग दंपती उपचार को सीएचसी गरमपानी पहुंचे। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। बुजुर्ग दंपती ने चौकी पुलिस खैरना को मामले की सूचना दे कार्रवाई की मांग उठाई है। आरोप लगाया की आरोपित पूर्व में भी कई बार पहले भी मारपीट की नियत से उनके घर में घुस चुका है।

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे लोहाली ग्राम पंचायत के आटावृता तोक में बुजुर्ग नारायण दत्त सुयाल अपनी पत्नी व बेटी के साथ रहते हैं। नारायण दत्त के अनुसार बीती रात पड़ोसी दिनेश भट्ट उनके घर में घुस आया। दिनेश के घर में घुसने की सूचना उनकी बेटी ने उन्हें दी तो वे अंदर की ओर दौड़े।

उन्हें देखकर दिनेश भागने लगा तो उसे पकड़ लिया। मौके पर पत्नी भी पहुंची तो बौखलाए दिनेश ने पत्नी के साथ मारपीट कर डाली। उसके कपड़े भी फ़ाड़ डाले। बीच बचाव में आरोपित ने उनको भी मुक्का जड़ दिया। दोनों को जान से मारने की धमकी दे आरोपित दिनेश मौके से फरार हो गया।

हो हल्ला सुन आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। आरोपित की तलाश भी की गई पर उसका कुछ पता नहीं लग सका। मारपीट में घायल बुजुर्ग दंपती को सीएचसी गरमपानी पहुंच उपचार कराया गया। आरोप लगाया की पूर्व में भी कई बार आरोपित उनके घर में घुसकर मारपीट कर चुका है। बुजुर्ग दंपती ने चौकी पुलिस खैरना को शिकायती पत्र सौंप मामले में कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। गांव के बाशिंदे ने भी मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।

संबंधित समाचार