बरेली: ट्रेनों के अंदर भी सीसीटीवी से होगी निगरानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अलग-अलग ट्रेनों के 55 हजार कोचों में सीसीटीवी लगाए जाएंगे

बरेली, अमृत विचार। रेल यात्रियों सुरक्षा के लिए रेल प्रशासन अब ट्रेनों के अंदर भी सीसीटीवी कैमरे लगाएगा। इसमें बरेली जंक्शन से चलने वाली प्रमुख ट्रेने हैं। ट्रेन के कोचों में सीसीटीवी लगाने के लिए रेल प्रशासन ने आरपीएफ से भी सुझाव मांगे हैं। आरपीएफ ने ट्रेनों के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगने से अपराधों के खुलासे में आसानी होने की बात कही है।

रेल प्रशासन तेजस और वंदेभारत जैसी ट्रेनों के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगा रहा है। इसके अलावा कुछ अन्य ट्रेनों के अंदर भी पूर्व में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। रेलवे के मुताबिक अब तक 8057 यात्री कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं, लेकिन अब अगले चरण में इनकी संख्या बढ़ाने की तैयारी है। अलग-अलग ट्रेनों के करीब 55 हजार कोचों और ट्रेन के इंजन में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यह काम रेलवे की एजेंसी क्रिस के माध्यम से किया जाएगा। फिलहाल रेल प्रशासन इनकी उपयोगिता को लेकर सर्वे करा रहा है। जोन और मंडलों से प्राप्त होने वाली रिपोर्ट के आधार पर टेंडर आदि की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।

सीसीटीवी करेगा आरपीएफ का काम आसान
रेलवे की तरफ से मांगे गए सुझावों के जवाब में आरपीएफ ने कहा है कि ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरे लगने से अनापेक्षित घटनाओं की जांच के संबंध में प्रयोग किया जा सकता है। इसके अलावा ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थ, विस्फोटक, प्रतिबंधित जीवों को ले जाने वाले दोषियों की पहचान, दिव्यांग और महिला कोचों में अवैध यात्रियों की पहचान, चेनपुलिंग करने वाले, अवैध वेंडरिंग करने वालों की पहचान करने में आसानी होगी।

ये भी पढे़ं- बरेली: श्मशान भूमि में लगी शिव प्रतिमा को खुराफाती तत्व ने किया खंडित, मुकदमा दर्ज

संबंधित समाचार