प्रयागराज: माफिया अतीक के करीबी गनर एहतेशाम उर्फ करीम बाबा को पुलिस ने बनाया मोस्टवांटेड, NBW हुआ जारी
प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के लिए काम करने वाले कई पुलिस कर्मियों ने अपनी नौकरी दांव पर लगा दिया है। कई पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई भी की जा चुकी है। माफिया अतीफ अहमद के सबसे करीबी गनर एहतेशाम को बर्खास्त किया जा चुका है, लेकिन उसकी तलाश अभी भी की जा रही है। खुल्दाबाद पुलिस ने एहतेशाम के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। पुलिस ने अब उसे मोस्ट वांटेड की सूची में शामिल कर लिया है।
बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या में आरोपी अतीक अहमद के करीबी गनर एहतेशाम उर्फ़ करीम बाबा को पुलिस अभी तक तलाश नहीं कर सकी है। करीम बाबा को बर्खास्त किया जा चुका है। इसके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी करते हुए खुल्दाबाद पुलिस ने मोस्टवांटेड की सूची में नाम शामिल किया है।
ज्ञात हो कि अतीक अहमद की हत्या के बाद नामी बिल्डर मोहम्मद मुस्लिम ने नैनी जेल में बंद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद और लखनऊ में उमर व एहतेशाम, करीम के अलावा, नुसरत, अजय खुराना के खिलाफ 15 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में खुल्दाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
बिल्डर मो. मुस्लिम ने आरोप लगाया था कि देवघाट में उसकी 15 करोड़ की भूमि को अहमद और असद कालिया हड़पना चाहते थे। आरोपी ने यह भी आरोप लगाया था कि उसके प्लाट को कब्जाने के लिए अतीक के बेटे अली और असद के नाम पर रजिस्ट्री कराना चाहते थे। उस दौरान मो. मुस्लिम को अगवा कर लिया गया था और अतीक के कार्यालय उठा ले गए थे। जहां उसे टॉर्चर किया गया था।
मो. मुस्लिम ने 20 लाख रुपए देकर किसी तरह अपनी जान बचाई थी। इस मामले में अतीक के दोनों बेटे जेल में बंद है। उनके खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। अन्य की तलाश के साथ अब फरारी काट रहे अतीक के खास गनर एहतेशाम उर्फ़ करीम बाबा की तलाश में पुलिस फिर से जुट गयी है। खुल्दाबाद पुलिस ने फरार एहतेशाम के खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी करते हुए उसे मोस्टवांटेड की सूची में शामिल कर दिया है।
यह भी पढ़ें: सुलतानपुर: डीआईओएस कार्यालय में ताला बंदकर तदर्थ शिक्षकों ने किया प्रदर्शन, इस वजह से हैं नाराज
