मुरादाबाद : मनमानी के मैरिज हाल, न पार्किंग न सुरक्षा व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शादी समरोह में सड़कों के किनारे खड़े रहते हैं वाहन, राहगीरों को होती है परेशानी, पार्किंग के अभाव में यातायात होता है प्रभावित, रात के समय अधिक बढ़ जाती है समस्या

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर के अधिकांश मैरिज हाल में न तो पार्किंग की सुविधा है और न सुरक्षा की ही कोई व्यवस्था है। शादी समारोह या अन्य पार्टियों में सड़कों के किनारे दोपहिया और चार पहिया वाहन बेतरतीब खड़े रहते हैं। इससे राहगीरों को तो परेशानी होती ही है, कभी-कभी यहां जाम की स्थिति बनी रहती है।

शादियों के सीजन में शहर के मैरिज हाल के कारण लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। नियमों को ताक में रखकर चल रहे इन मैरिज हाल में पार्किंग की कोई व्यवस्था भी नहीं है। जिसके चलते मुख्य मार्गों पर बने इन मैरिज हाल के बाहर यातायात व्यवस्था बिगड़ती दिख रही है। विवाह समारोह में शामिल होने वाले लोग रोड पर ही वाहन खड़े करने को मजबूर है। महानगर के अधिकांश मैरिज हाल की स्थिति ये है कि किसी में पार्किंग ही नहीं है तो अगर कहीं है भी तो मैरिज हाल में जुटने वाले अतिथियों के सापेक्ष नहीं है। कहीं- कहीं तो नाममात्र की पार्किंग की सुविधा दी जा रही है। विवश होकर लोग सड़कों के किनारे बेतरतीब वाहनों को खड़ा कर देते हैं। जबकि यह जिम्मेदारी मैरिज हाल संचालकों की है कि वह क्षमता के अनुसार बुकिंग ले और उसी के अनुसार पार्किंग की सुविधा प्रदान करें।

शुक्रवार की रात आशियाना फेज एक स्थित एक मैरिज हाल के बाहर सड़क किनारे वाहन खड़े थे। जिससे जाम लग गया। दोनों लेन पर वाहन खड़े रहने से जाम तकरीबन आधा घंटा तक लगा रहा। राहगीर निखिल, राहुल ने कहा कि एक तो यहां सड़क निर्माण चल रहा है। जिससे गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। दूसरे मैरिज हाल के सड़क किनारे चार पहिया वाहनों की लाइन लग गई है। रात का समय है। ड्यूटी से घर पहुंचने में विलंब हो रहा है। उन्होंने बताया कि यहीं हाल महानगर अन्य मैरिज हाल और होटलों का है। जहां सड़क किनारे वाहन खड़े किए जाते हैं। इससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

रात के समय जाम लगने पर नहीं पहुंचती पुलिस
आशियान फेज एक पर मैरिज हाल सड़क किनारे वाहन लगने से जाम लग जाता है। जिससे जाम आधा घंटा तक लगा रहता है। इस बीच यातायात पुलिसकर्मी भी नहीं पहुंच पाते हैं। रात के समय में इसी बीच कई लोग नशे की हालत में जाम में फंसे रहते है। वह अपने वाहन का हार्न बंद नहीं करते। अगर कोई बंद करने के लिए बोल दिया तो वह उनके साथ विवाद करना शुरू कर देते है।

नक्शा पास कराने के लिए दिखाते हैं पार्किेग
बड़े मैरिज हाल वाले नक्शा पास कराने के लिए पार्किंग दिखाते हैं। शादी विवाह में उसका उपयोग नाश्ता भोजन या किसी अन्य कार्य के लिए किया जाता है। जिससे शादी में शामिल होने के लिए आए लोग अपना वाहन सड़क किनारे ही खड़ा कर देते हैं।

आतिशबाजी के समय पूरी सड़क पर हो जाता है कब्जा
उत्साह में लोग बीच सड़क पर ही आतिशबाजी करते हैं। इससे पूरा आवागमन प्रभावित हो जाता है। शुक्रवार की रात कांठ रोड पर एक बरात निकल रही है। जिसमें बीच सड़क पर ही आतिशबाजी की जा रही थी। बराती भी पूरी सड़क पर मौजूद थे। इसी बीच बाइक सवार ने उनके बीच से निकला चाहा तो आतिशबाजी के चलते वह बाइक के साथ सड़क पर गिर गया। बाइक धीमी थी और हेलमेट पहना हुआ था। जिसके कारण उसको चोट नहीं लगी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: बोर्ड परीक्षा में समय अंतराल न मिलने से छात्र चिंतित, स्कूलों में दिया जा रहा विशेष ध्यान

संबंधित समाचार