पीएम वाराणसी दौरा : दो दिन में संवार दी 40 किलोमीटर सड़क, चमकने लगा पूरा शहर
वाराणसी, अमृत विचार। काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन अपने संसदीय क्षेत्र में हो रहा है। वही काशीवासी अपने सांसद के स्वागत के लिए उसे घड़ी का इंतजार कर रहे हैं। शासन और जिला प्रशासन भी उनके स्वागत में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता। उनके स्वागत के लिए दो दिन में 40 किलोमीटर सड़क को संवार दिया गया है। इसके साथ ही 13 किलोमीटर लंबे डिवाइडर को चमकाया गया है। कई इलाकों में मशीन लगाकर डिवाइडर और सड़कों की धुलाई भी कराई गई है। पीएम के रूट की सड़कों को बैरिकेटिंग, व्यू कटर और रिफ्लेक्टर से लैस किया गया है।
शनिवार की देर रात उनके कार्यक्रम स्थल के बीच पड़ने वाले सभी चौराहे व सड़कें चमका दी गईं। सड़कों व ओवरब्रिजों को झालरों से सजाया गया है। साथ ही स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त कर दिया गया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थलों को जाने वाली सभी सड़कें गड्ढामुक्त है और चमचमा रही हैं।
इन सड़कों को चमकाया
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार लालबहादुर शास्त्री एयरपोर्ट से लेकर नदेसर, नमो घाट, चौकाघाट, फुलवरिया फोरलेन, लहरतारा, बीएलडब्ल्यू के अलावा लंका, सुंदरपुर, गोदौलिया व मैदागिन आदि को मिलाकर कुल 40 किलोमीटर की सड़कों को नया कर दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एके द्विवेदी के मुताबिक पीएम के कार्यक्रम रूट पर करीब 13 किलोमीटर के डिवाइडर की रंगाई पोताई कराई गई है। इसके लिए बीते दो दिनों से 150 से अधिक श्रमिकों को लगाया गया था।
इन रूटों से गुजरेंगे पीएम
बाबतपुर एयरपोर्ट से नदेसर वाया गिलट बाजार - 23 किलोमीटर
नदेसर से नमो घाट वाया घौसाबाद, चौकाघाट और कज्जाकपुरा व (वापसी) - 6 किलोमीटर
नमो घाट से बरेका गेस्ट हाउस वाया चौकाघाट, कैंट फ्लाइओवर और लहरतारा-मंडुवाडीह मार्ग - 10.5 किलोमीटर
ये भी पढ़ें -लखनऊ : अटल स्वास्थ्य मेले में बोले उपराष्ट्रपति- स्वास्थ्य तभी अच्छा रहेगा जब शासन व्यवस्था ठीक रहेगी
