Farrukhabad News: महिला सिपाही की प्रसव के दौरान नर्सिंग होम में मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
कानपुर में तैनात फर्रुखाबाद की महिला सिपाही की प्रसव के दौरान नर्सिंग होम में मौत।
कानपुर में तैनात फर्रुखाबाद की महिला सिपाही की प्रसव के दौरान नर्सिंग होम में मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। कानपुर के रावतपुर में तैनात महिला सिपाही की प्रसव के दौरान माया हॉस्पिटल में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डाक्टर के इंजेक्शन लगाते ही उसकी पत्नी की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
फतेहगढ कोतवाली के जयनरायन बर्मा रोड निवासी वीरेंद्र सिंह यादव की पत्नी रेखा यादव ( 25) कानपुर के रावतपुर में एंटी रोमियों स्पेशल टीम में तैनात थी। वह मातृत्व अवकाश पर इस समय अपनी ससुराल में मौजूद थी। राखी के पति के अनुसार उसको 16 दिसम्बर को प्रसव पीड़ा हुई। उसने आवास विकास तिराहा स्थिति माया नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
रात में डॉक्टर ने उसकी पत्नी के जैसे ही इंजेक्शन लगाया। उसी समय उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। महिला सिपाही की मौत होते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने डाक्टर पर इंजेक्शन लगाने से मौत हो जाने का आरोप लगाया।
वीरेंद्र ने फर्रुखाबाद कोतवाली में तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है। सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गुण दोष के आधार पर कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
