मुरादाबाद : युवक की गला दबाकर हुई थी हत्या, अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में पिछले दिन प्लाट में मिले युवक के शव के संबंध में कई रहस्यों से पर्दा उठ गया है। युवक विजय उर्फ पप्पू की गला दबाकर हत्या हुई थी। इस बात की पुष्टि थाना पुलिस ने की है। पुलिस ने मृतक के पिता सतीश की तहरीर पर हत्या के आरोप में एफआईआर भी दर्ज की है। इसमें अभी कोई नामजद नहीं है, रिपोर्ट अज्ञात के विरुद्ध दर्ज की गई है। मृतक विजय उर्फ पप्पू पैरा की मिलक का रहने वाला था। वह अभी 17 वर्ष का था।
मृतक के पिता सतीश ने बताया कि उनके बेटे विजय का शव घर से कुछ ही दूरी पर प्लाट में पड़ा मिला था। शव उलटा था। जैकेट और अन्य कपड़े शव के कूल्हे से ऊपर उठे थे। गले पर निशान थे। मुंह से खून बह रहा था। सतीश ने बताया कि बेटे के शव की हालत देखते ही उन्हें शक हो गया था कि उसकी हत्या की गई है। घटना गुरुवार की है। युवक की संदिग्ध मौत की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइन अर्पित कपूर, मझोला थानाध्यक्ष संजय कुमार पांचाल मौके पर पहुंचे थे।
एसपी सिटी ने फोरेंसिक टीम काे भी मौके पर बुलाकर घटनास्थल पर सुबूत जुटाए थे। उधर, मृतक विजय के पिता सतीश ने बताया कि 14 दिसंबर की सुबह सात बजे विजय उर्फ पप्पू शव मिला था। हत्या वाली रात मृतक वह यह कहकर घर से निकला था कि दोस्त की लगन में जा रहा है। लेकिन, रात भर वापस नहीं लौटा था। घर-परिवार चिंता में था। बेटे के कई मित्रों व रिश्तेदारों से संपर्क कर उसके बारे में जानकारी कर रहे थे लेकिन, कहीं कुछ पता नहीं लगा था। इससे परिवार को चिंता और बढ़ गई थी।
बेटे की चिंता से परेशान सतीश गुरुवार सुबह जल्द सोकर जग गए थे और बेटे की तलाश में निकल पड़े थे। घर के पास ही खाली प्लाट की तरफ निकल रहे थे देखा कि उसी प्लाट में कोई उलटा लेटा हुआ था। निकट जाकर देखा तो वह बेटे को पहचान गए और उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बेटे को मृत देख सतीश जोर-जोर से रोने लगे थे। रोने की आवाज सुनकर मुहल्ले वाले भी उनके पास पहुंच गए थे और मझोला थाना पुलिस को खबर की थी। उधर, सीओ सिविल लाइन अर्पित कपूर ने बताया कि युवक की हत्या के खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। जल्द से जल्द हत्यारोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : महाजन कांप्लेक्स बिक्री में जालसाजी कर 1.48 करोड़ की ठगी, मां-बेटे पर रिपोर्ट दर्ज
