मुरादाबाद : प्यार और शादी के नाम पर धोखा, युवती से दुष्कर्म कर बनाया वीडियो
मुरादाबाद, अमृत विचार। पहले प्यार का ढोंग और फिर शादी कर लेने की बात कहकर युवती को जाल में फंसा लिया। फिर उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियाे भी बना लिया। इसके बाद उसे भेद खोलने पर आरोपी ने वीडियो वायरल कर देने और जान से मार देने की धमकी भी दे डाली।
मामला मझोला थाना क्षेत्र की युवती का है। 28 वर्षीय युवती ने सीओ सिविल लाइन से प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस मामले में सीओ के निर्देश पर थानाध्यक्ष ने आरोपी और उसके पिता व भाई के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। युवती ने पुलिस को बताया है कि आरोपी विकास सिंह रामपुर जिले के थाना कोतवाली टांडा क्षेत्र में अब्बास नगर का रहने वाला है।
युवती ने बताया कि उसके प्रेमी विकास ने पहले उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया और फिर शादी का झांसा देते हुए घर में आने-जाने लगा। इसी दौरान उसने उसके ही घर में युवती से दुष्कर्म किया। मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाई।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने इस मामले में प्रेमी विकास के पिता वीर सिंह और भाई विवेक से शिकायत की तो इन लोगों के साथ मौके पर मौजूद गौतम नाम का एक अन्य व्यक्ति उसे जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया। मझोला थानाध्यक्ष संजय कुमार पांचाल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इस प्रकरण में युवती की तहरीर पर वीर सिंह और इसके दो बेटे विकास व विवेक समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। संबंधित लोगों की गिरफ्तारी और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : युवक की गला दबाकर हुई थी हत्या, अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
