Unnao News: गैंगस्टर व भू-माफिया को पुलिस ने किया गिरफ्तार, आरोपी कई मामलों में चल रहा था वांछित
उन्नाव में गैंगस्टर को पुलिस ने जेल भेजा।
उन्नाव में गैंगस्टर व भू-माफिया को पुलिस ने जेल भेज दिया। करोड़ों की जमीन बेचने के साथ कई मामलों में वांछित था। 2003 से 2023 तक गैंगस्टर पर 13 मामले दर्ज हो चुके हैं।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव अंतर्गत गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के रामनगर निवासी गैंगस्टर व भू-माफिया को पकड़ने के लिये रविवार को पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने उसे उसके घर के पास से गिरफ्तार किया। जिसके बाद उसका मेडिकल कराया गया।
बता दें कि गंगाघाट कोतवाली अंतर्गत पत्रकार शुभममणि हत्याकांड की मुख्य आरोपी दिव्या अवस्थी, उसके पति कन्हैया अवस्थी व देवर राघवेंद्र अवस्थी की कटरी पीपर खेड़ा गांव में पड़ी कई बीघे जमीन को गैंगस्टर एक्ट के तहत जिला प्रशासन ने कुर्क कर जब्त किया था। जिसके बाद प्रशासन द्वारा उन जमीनों पर बोर्ड लगवाए गए थे। इसके बाद रामनगर निवासी गैंगस्टर गिरिजा शंकर ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी व आपराधिक साजिश रचते हुये जमीनों को बेच डाला।
जिसकी शिकायत डीएम से मंत्री तक की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते जाजमऊ चौकी इंचार्ज राजेश सिंह ने कुर्क की गई जमीनों की जांच की। इसमें पता चला कि अधिकांश जमीनों को कूटरचित दस्तावेज तैयार कर, धोखाधड़ी व आपराधिक साजिश रचते हुए बेच दिया गया है। जिस पर चौकी इंचार्ज ने राम नगर निवासी गैंगस्टर एक्ट के आरोपी गिरिजा शंकर मिश्रा, झब्बूपुरवा निवासी रामलखन, रामनगर निवासी बृजेश निषाद, सुभाष यादव, रंजीत निषाद, शक्ति नगर निवासी वीरेंद्र कुमार, हसनगंज के अमोइया सराय मलकादिम निवासी उमेश कुमार, पीपर खेड़ा के मनोज कुमार, संजय निषाद, विजय गौतम, वीरेंद्र पाल, मुन्नीलाल, योगेंद्र मिश्रा के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रविवार को सदर कोतवाली, थाना दही व क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गिरिजा शंकर को पानी रोड स्थित घर के पास से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे मेडिकल के लिये जिला अस्पताल लाया गया। गिरिजा मिश्रा पर कानपुर व गंगाघाट के अलावा अन्य थानों में सन-2003 से 2023 तक कुल 13 मामले दर्ज हुए हैं। जिनमें कई मामले गंभीर धाराओं के हैं। पुलिस मामलों की विवेचना कर रही है।
ये भी पढ़ें- Kanpur के जानलेवा गड्ढे ने ले ली एक जान… स्कूटी का पहिया जाते ही छह फुट ऊपर उछली, सरकारी व्यवस्था को परिजनों ने कोसा
