Kanpur Accident: BBA छात्र की सड़क हादसे में मौत, साथी घायल, परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर में बीबीए छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई।
कानपुर में बीबीए छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
कानपुर, अमृत विचार। रफ्तार की मार लोगों के लिए काल बनती जा रही है। रोजाना हादसों में हो रही मौतों के बाद भी लोग नियमों को मानने को तैयार नहीं हैं। पनकी और शिवराजपुर थानाक्षेत्र में हुए हादसों में गई जानों को अभी चौबीस घंटे भी नहीं बीते थे कि पनकी थानाक्षेत्र में फर्टिलाइजर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो बीबीए छात्रों को टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर काफी देर तक तड़पते रहे।
इस दौरान हाईवे पर हादसा देख कोई भी मदद के लिए नहीं रुका। किसी तरह एक राहगीर ने घटना की सूचना पास पड़े मोबाइल से घर वालों को दी। सूचना पर आनन-फानन परिजन चौपहिया वाहन से मौके पर पहुंचे और दोनों को गंभीर हालत में चकेरी थानाक्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक बीबीए छात्र की मौत हो गई। वहीं दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
चकेरी थानाक्षेत्र के अन्ना चौराहा गणेशपुर रोड निवासी झांसी में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात सूर्यपाल सिंह का 22 वर्षीय वैभव कुमार यादव जिला उन्नाव के गहरा चौराहे पर स्थित वीरेंद्र स्वरूप इंजीनियरिंग कॉलेज में बीबीए का छात्र था। परिजनों के अनुसार रविवार को वह अपने यहीं के साथी छात्र अभिराज शर्मा के साथ भौंती गांव गया था। यहां से वह रात करीब आठ बजे हाईवे होते हुए घर की ओर लौट रहा था।
बताया कि अभी वह पनकी थानाक्षेत्र में स्थित फर्टिलाइजर के पास पहुंचा ही था कि तेज रफ्तार किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि वह दोनों लहूलुहान हालत में करीब आधे घंटे पड़े रहे। लेकिन हाईवे से गुजर रहे वाहन सवारों ने रोककर मदद नहीं की।
किसी तरह एक राहगीर ने घटनास्थल पर पड़े फोन को उठाकर परिजनों को घटना से अवगत कराया। घटना के बाद परिजनों ने कार से मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को चकेरी के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने वैभव को मृत घोषित कर दिया। वहीं साथी छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिजनों ने जैसे ही वैभव की मौत की जानकारी घर पर दी तो कोहराम मच गया। वैभव इकलौता था व बड़ी बहन प्रांजुल है। घटना के बाद मां रामदुलारी बदहवास हो गई। अस्पताल कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें- Kanpur Nagar Nigam में पुनरीक्षित बजट को लेकर नगर निगम में चल रही कार्यकारिणी बैठक
