विकसित भारत संकल्प यात्रा से लोगों को मिल रहा त्वरित लाभ: गिरीश चंद्र

Amrit Vichar Network
Published By Sachin Sharma
On

अंबेडकरनगर/लखनऊ। जनपद के दौरे पर सोमवार को आए जिला प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी की अध्यक्षता में भाजपा कोर कमेटी और भाजपा जिला पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ, विभाग के पदाधिकारियों के साथ सांगठनिक बैठक में भाग लिया। उन्होंने संगठन के कार्यों और कार्यक्रमों की समीक्षा कर जन समस्याओं पर कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए उसके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता करने का अश्वासन दिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी की अध्यक्षता में न्यू सर्किट हाउस अकबरपुर में हुई भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि जन समस्याओं के समाधान के साथ ही संगठन की मजबूती के कार्य और कार्यक्रम को पूरी निष्ठा से करते रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत विकास संकल्प यात्रा सरकारी योजनाओं के पात्र वंचित परिवारों को उसके गांव में ही लाभ दिए जाने में बहु उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के केंद्र सरकार की 16 जन कल्याणकारी योजनाओं के साथ ही प्रदेश सरकार की योजनाओं का त्वरित रूप से लाभ भारत विकास संकल्प यात्रा के दौरान लोगों को मिलना भाजपा की जनता के कल्याण का ऐतिहासिक कार्य हैं। 

कार्यकर्ताओं ने बताईं समस्याएं : बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री को धान क्रय केंद्रों पर हो रही किसानों को समस्या, गन्ना किसानों को चीनी मिल गेट से किसानों के गन्ना को वापस लौटाने, व्यापारियों को जीएसटी विभाग, बिजली विभाग, खाद्य और पुलिस विभाग द्वारा प्रताडि़त किए जाने के बारे में जानकारी दी।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पण्डित दीन दयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पद चिन्हों पर भाजपा कार्यकर्ता कार्य कर रहे हैं। बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने वोटर चेतना महा अभियान में कार्य को पूरा करने के बाद भारत विकास संकल्प यात्रा, संगठन की नमो ऐप अभियान के ब्रांड एंबेसडर बनाने और 25 दिसंबर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में बूथ स्तर पर मनाने का का आवाहन किया।

उन्होंने 2024 के लोक सभा चुनाव के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं से युद्ध स्तर पर कार्य करने का आवाहन किया। कोर कमेटी और कार्यकर्ताओं की संपन्न बैठक में मुख्य रूप से एमएलसी डॉ. हरिओम पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, पूर्व मंत्री धर्म राज निषाद, डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा, राम प्रकाश यादव, ज्ञान सागर सिंह, यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, सुभाष राय, अवधेश द्विवेदी, जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय, जिला मंत्री दीपक तिवारी आदि शामिल रहे।

यह भी पढ़ें: लखनऊ प्राणी उद्यान में हिप्पो के हमले से कर्मचारी की मौत, कुछ दिन पूर्व कानपुर चिड़ियाघर से लाया गया था राजधानी

संबंधित समाचार