बरेली: डीडीपुरम में पकड़ा गया मैरिज ब्यूरो कॉल सेंटर
बरेली, अमृत विचार। शादी कराने का झांसा देकर लोगों के साथ ठगी करने वाले मैरिज ब्यूरो पर बारादरी और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। यहां से 12 लड़कियों और एक लड़के को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी शादी कराने का झांसा देकर लोगों के साथ ठगी करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे …
बरेली, अमृत विचार। शादी कराने का झांसा देकर लोगों के साथ ठगी करने वाले मैरिज ब्यूरो पर बारादरी और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। यहां से 12 लड़कियों और एक लड़के को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी शादी कराने का झांसा देकर लोगों के साथ ठगी करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दस्तावेज, फाइलें और कम्प्यूटर व मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है।
डीडीपुरम में कुष्ठ आश्रम के सामने मैच प्वाइंट कॉल सेंटर बना है। कॉल सेंटर के संचालक ने दिल्ली के मैरिज ब्यूरो सेंटर राइजिंग रूल्स से फ्रेंचाइजी ली है। बदायूं के एक युवक ने पुलिस से शिकायत की थी कि डीडीपुरम में मैच प्वाइंट मैरिज ब्यूरो पर ठगी का धंधा चल रहा है। उसने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उससे 60 हजार रुपये की ठगी की है।
युवक ने बताया कि उसके पास मैरिज ब्यूरो की तरफ से एक युवक को भेजा गया। उसने लड़की से मिलवाने की बात कही थी। उसके नाम पर ही रुपये ऐंठते रहे। गैंग का पर्दाफाश करने के लिए शुक्रवार को एसओजी ने बारादरी पुलिस के साथ मिलकर कुष्ठ आश्रम के सामने आदर्श अग्रवाल के मकान के ऊपर कॉल सेंटर के कार्यालय में छापा मारा।
संचालक छत्तीसगढ़ निवासी मंजीत कुमार को पकड़ लिया। पुलिस को कॉल सेंटर से 12 लड़कियां भी मिली। पुलिस ने सभी लड़कियों को महिला थाने भेज दिया। जबकि पूछताछ के लिए मंजित कुमार को बारादरी थाने ले आई। मंजीत ने पुलिस को बताया कि उसने दिल्ली के राइजिंग रूल कंपनी से फ्रेंचाइजी ले रखी है। यहां उसने मैच प्वाइंट के नाम से मैरिज ब्यूरो कॉल सेंटर खोला है।
कमीशन और वेतन पर काम करती हैं लड़कियां
मैच प्वाइंट मैरिज ब्यूरो कॉल सेंटर के संचालक मंजीत कुमार ने बताया कि उसके यहां जो लड़कियां काम करती हैं। उन्हें वह पांच हजार रुपये वेतन और प्रति केस पर पांच सौ रुपये या दस प्रतिशत कमीशन देता है। एक लड़की प्रति माह 15 से 20 लोगों से बात करके उन्हें अपने जाल में फंसा लेती है। मंजीत ने यह भी बताया कि उसकी प्रति माह की कमाई दो से ढाई लाख रुपये है।
तलाकशुदा लोगों को बनाते हैं शिकार
मंजीत ने बताया कि वह और उसके साथ काम कर रहीं लड़कियां अधिकांश तलाकशुदा लोगों को फंसाती थीं। उन लोगों का डॉटा वे लोग बेवसाइट के माध्यम से निकाल लेते थे। इसके बाद उन्हें फोन करके शादी कराने का झांसा देते थे। साथ ही झूठ बोलते थे कि रिश्ता सही है। युवक और युवती से बात कराने के नाम पर 3500-3500 रुपये लेते थे। मतलब एक महिला और पुरूष की बात कराने पर उन्हें सात हजार रुपये मिलते थे।
तमाम लोगों की सूची है आरोपी के पास
पुलिस ने मैच कॉल सेंटर पर छापा मार कर दर्जनों फाइलें बरामद की हैं। इनमें करीब 10 फाइलें ऐसी हैं। जिनमें अलग-अलग जाति और धर्म के युवक व युवतियों के मोबाइल नंबर और पते लिखे हैं। लड़कियां इन लोगों को काल करके शादी कराने का झांसा देती थीं। इसके बाद 3500 रुपये ले लेते थे। यही नहीं काल सेंटर की लड़कियां भी शादी करने के नाम पर लोगों से बात करती थीं और उनसे मिलने की बात करती थीं। कभी-कभी जब पार्टी नहीं आती थी। तब संचालक इन्हीं लड़कियों को पार्टी बनाकर होटल में भेज देता था। होटल का बिल जो लड़का शादी करना चाहता था उसे देना पड़ता था। इसके अलावा पांच हजार रुपये मैच सेंटर के संचालक के लिए देने होते थे।
मोबाइल, कंप्यूटर समेत और दस्तावेज हुए बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से चार कम्पयूटर, 43 मोबाइल, इनमें 13 टच और 32 कीपेड के मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा दर्जनों रजिस्टर, व फोटो युक्त लड़के लड़कियों की अलग-अलग फाइलें बरामद की हैं। पुलिस ने सभी सामान को सील कर दिया है।
होमगार्ड की लड़की भी शामिल
कॉल सेंटर में काम करने वालों में एक होमगार्ड की लड़की भी शामिल है। होमगार्ड की तैनाती बरेली में है। वह लड़की कई माह से सेंटर पर काम करती है। यह सेंटर बरेली में तीन वर्ष से चल रहा है। यह बात और है कि इसके खिलाफ अभी तक किसी ने शिकायत नहीं की है। इसकी वजह मंजीत ने बताई कि वह अब तक दूर-दूर के लोगों के साथ ठगी करता था। वे लोग बरेली नहीं आ पाते थे। लेकिन इस बार उसने बदायूं के युवक को झांसा देकर 60 हजार रुपये ठग लिए। तब शिकायत हो गई।
“आरोपी लड़के-लड़कियों की प्रोफाइल लेकर बगैर उसकी मर्जी के दूसरे लोगों को भेजकर उनसे मिलाने के नाम पर रुपये ऐंठते थे। लोग शर्म के कारण शिकायत नहीं करते थे। आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है।” — शितांशु कुमार शर्मा – इंस्पेक्टर बारादरी।
