बरेली: बिलिंग कंपनी का एक और कारनामा, 30 हजार का बिल कर दिया 3 लाख
बिजली बिल देख किसान के उड़े होश, एसडीओ ने पकड़ी गड़बड़ी
बरेली, अमृत विचार। बिलिंग कंपनी का एक और कारनामा सामने आया है। इस बार उसने एक किसान का बिजली बिल तीस हजार की जगह तीन लाख कर दिया। बिल देखकर किसान के होश उड़ गए। किसान बिल लेकर एसडीओ के पास पहुंचा तो गड़बड़ी पकड़ में आई। जांच में पता चला कि अधिक रीडिंग डालकर गलत बिल बना दिया गया है। किसान का बिल तो ठीक करा दिया गया, मगर कंपनी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। पहले भी गलत बिल बनाने के मामले सामने आ चुके हैं।
दौली गांव के पोप राम ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके पास तीन लाख रुपये का बिल पहुंचा। यह देखकर वह हैरान रह गए। सोमवार को वह एसडीओ अखिलेश सिंह के कार्यालय पहुंचे। उन्हें बिल दिखाया तो पता लगा कि उनका बिल लगभग 30 हजार रुपये है। बिलिंग कंपनी की तरफ से रीडिंग अधिक डालकर गलत बिल बना दिया था। एसडीओ ने उनका बिल सही कराया।
इसके बाद उनका बिल जमा करा दिया गया। पिछले दिनों ग्रामीण क्षेत्र में एक हजार से अधिक गलत बिल बनाने का मामला सामने आया था। अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने मामले में 12 मीटर रीडरों को काम से निकाल दिया था, मगर बिलिंग कंपनी पर कार्रवाई नहीं की गई थी, जबकि अनुबंध में गलत बिल बनाने पर कंपनी से पैसे की कटौती के निर्देश दिए हैं, मगर ऐसा नहीं किया गया। अफसर कंपनी पर मेहरबान हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: फैक्ट्री से उड़ रही राख को जल्द बंद कराने की व्यापारियों ने की मांग, सौंपा ज्ञापन
