मुरादाबाद : चारा डालते वक्त बैल ने किसान पर किया हमला, सींग के वार से पेट फटने से मौत
थाना क्षेत्र के गांव रूपपुर की घटना, खेत से चारा लेने जाने के लिए बुग्गी में जोतने के लिए खोला था बैल, परिवार में मचा कोहराम
मुरादाबाद/ कुन्दरकी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव में किसान पर बैल ने हमला कर दिया। सींगों से ताबड़तोड़ हमला करके उसका पेट फाड़ दिया। इससे किसान की आंतें बाहर निकल आईं। बैल का रौद्र रूप देख मौके पर हड़कंप मच गया। परिवार की महिलाओं की चीख-पुकार सुन एकत्र हुए ग्रामीणों ने किसी तरह बैल को हटाया। इसके बाद घायल किसान को लेकर परिजन मुरादाबाद दौड़े। वहां एक निजी अस्पताल में किसान का आपरेशन किया गया। मगर उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
घटना थाना क्षेत्र के गांव रूपपुर की है। यहां रहने वाला 27 वर्षीय शमशाद पुत्र स्व. इब्ले हसन खेतीबाड़ी करता था। रविवार की दोपहर उसे पशुओं के लिए चारा लेने खेत पर जाना था। इसके लिए उसने रोजाना की भांति घर के अंदर बंधे बैल को खूंटे से खोला और बाहर खड़ी बुग्गी में जोतने के लिए ले जाने लगा। इस बीच अचानक बैल ने उस पर हमला कर दिया। इससे पहले कि शमशाद संभल पाता बैल ने उस पर ताबड़तोड़ हमले करने शुरू कर दिए। बैल ने उसे संभलने का मौका ही नहीं दिया। जमीन पर गिराकर बैल उस पर सींगों से लगातार हमला करता रहा।
शमशाद की चीख सुनकर परिवार की महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं। मगर बैल का रौद्र रूप देख वह शोर मचाने के सिवाए और कुछ नहीं कर सकीं। इस बीच बैल ने सींगों से वार करके शमशाद का पेट फाड़ दिया। उसकी आंतें बाहर निकल आईं। इस दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के तमाम लोग भी मौके पर पहुंच गए। मगर बैल को खूंखार रूप देख किसी की हिम्मत उसके पास जाने की नहीं पड़ी। कुछ देर बाद लोगों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर बैल को शमशाद के पास से हटाया। मगर तक तब शमशाद की हालत काफी चिंताजनक हो चुकी थी।
बैल के हमले से उसका काफी खून बह चुका था। परिजन व ग्रामीण आनन-फानन में शमशाद को लेकर मुरादाबाद दौड़े और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टर ने उसका तत्काल आपरेशन भी किया मगर फिर भी उसकी जान नहीं बच सकी। उपचार के दौरान देर रविवार तड़के करीब तीन बजे शमशाद की मौत हो गई। इससे किसान के परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार की दोपहर गांव के ही कब्रिस्तान में किसान को सुपर्दे खाक कर दिया गया।
धरी रह गईं शादी की तैयारी, अरमानों पर फिरा पानी
परिजनों ने बताया कि शमशाद का रिश्ता क्षेत्र के ही एक गांव निवासी युवती से तय हो गया था। फरवरी 2024 में शादी होनी थी। परिवार के लोग शादी की तैयारियों में जुटे थे। धीरे-धीरे खरीदारी की जा रही थी। बैंड-बाजा, हलवाई आदि बुक किए जा चुके थे। दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था। मगर अचानक हुई इस प्रत्याशित घटना से दोनों परिवारों के अरमानों पर पानी फिर गया। शादी की तैयारियां धरी की धरी रह गईं। शमशाद के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सोमवार को शमशाद का शव गांव पहुंचा तो मां खुर्शीदा बेगम, भाइयों दिलशाद और इरशाद तथा बहनें अर्जेशमा व हमदोसना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्यों का कहना था कि सभी शादी की तैयारियों में जुटे थे, किसी को इन अनहोनी का कतई अंदेशा नहीं था।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : चोरी करने निकले तीन आरोपी लोडर वाहन समेत दबोचे गए, पूर्व में भी कर चुके हैं तीन चोरियां
