बरेली: ठंड में कुत्तों और बंदरों के हमले कम, वैक्सीन लगने वालों की संख्या घटी
पिछले दस महीने में 80 हजार लोगों ने लगाई एंटी रेवीज वैक्सीन
बरेली, अमृत विचार। यह साल खत्म होने वाला है, लेकिन पूरे साल कुत्तों और बंदरों के आतंक से लोग बेहाल रहे। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े भी इसकी गवाही दे रहे हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि एक सप्ताह से एआरवी मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। तीन बेड अस्पताल में एआरवी केंद्र पर जहां रोजाना 200 से 250 तक मरीज वैक्सीन लगवाने पहुंच रहे थे, वहीं अब यह आंकड़ा घटकर 150 तक पहुंच गया है। ठंड में कुत्तों और बंदरों के हमले कम हुए हैं।
जनवरी से अक्टूबर 10 महीने में 80 हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। जबकि गत वर्ष 29 हजार से अधिक मरीजों को वैक्सीन लगी थी। एआरवी संक्रमित आठ मरीजों ने दम तोड़ दिया था। आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष किसी भी संक्रमित मरीज की मौत नहीं हुई है।
एआरवी प्रभारी डॉ. वैभव शुक्ला के अनुसार बीते सप्ताह से एआरवी लगवाने वाले मरीजों की संख्या में कमी आई है। 15 नवंबर को 160, 16 को 150 मरीज वैक्सीन लगवाने आए थे। 11 दिसंबर को 285, 12 को 160, 13 दिसंबर को 145 मरीजों को वैक्सीन लगी थी। अफसरों का दावा है कि एक सप्ताह में वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या में 30 फीसदी की गिरावट आई है।
ये भी पढ़ें- बरेली: ओरिएंटेशन के जरिये छात्रों को दी नई दिशा
