मुरादाबाद : 51 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे मुख्यमंत्री, पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह की जयंती पर जुटेंगे एक लाख लोग
बिलारी तहसील के गांव ढकिया नूर में चौधरी चरण सिंह की बनने वाली प्रतिमा, जाट भवन व ऑडिटोरियम का प्रस्तावित चित्र।
मुरादाबाद, अमृत विचार। बिलारी तहसील की ग्राम पंचायत ढकिया नरु में किसानों के मसीहा और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौ. चरण सिंह की 51 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण 23 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। यह प्रतिमा जाट महासभा की ओर से लगवाई जा रही है। इन्हीं के नाम पर चौ.चरण सिंह स्मारक एवं प्रशिक्षण केंद्र का एक ऐतिहासिक निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें वृद्धा आश्रम और ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जाएगा। इन सबका निर्माण जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी व उपाध्यक्ष अनिल चौधरी की देखरेख किया जा रहा है। इसमें पूरे देश से आने वाले एक लाख लोगों का इंतजाम किया गया है।
उनकी 51 फीट ऊंची प्रतिमा बिलारी तहसील के गांव ढकिया नरु और अभनपुर के बीच में अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा की ओर से स्थापित की जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रेस वार्ता में अखिल जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने बताया विशिष्ट अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी रहेंगे। आयोजकों ने बताया कि हेमा मालिनी और सनी देओल भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
100 बेड का बनेगा वृद्धाश्रम
जाट महासभा के उपाध्यक्ष अनिल चौधरी ने बताया कि प्रतिमा स्थल के पीछे 100 बेड का वृद्ध आश्रम बनाया जा रहा है। वहीं पांच मंजिला भवन बनाया जा रहा है। समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए ऑडिटोरियम बनेगा। जाट समाज के नाम से ऑनलाइन पढ़ाई के लिए वेबसाइट बनाई जाएगी।
किसान महाकुंभ में जुटेगा जन समूह
प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को किसान महाकुंभ का नाम दिया गया है। इसका अनावरण मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : चोरी करने निकले तीन आरोपी लोडर वाहन समेत दबोचे गए, पूर्व में भी कर चुके हैं तीन चोरियां
