अमृत विचार विशेष : खरी नहीं उतरीं नगर पंचायतें, ठिठुर रही पौने 3 लाख की आबादी

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

दस दिसम्बर को दो दिनों में अलाव व्यवस्था की थी घोषणा, 7 दिनों बाद भी इंतजाम नदारद

अयोध्या, अमृत विचार। बला की गलन और सर्द हवाओं की सिहरन के बाद भी अभी तक जिले की सातों नगर पंचायतों में अभी तक रैन बसेरे तो दूर अलाव तक नहीं सुलगे हैं। इन नगर पंचायतों की करीब पौने 3 लाख की आबादी ठंड में ठिठुरने को मजबूर है। यह स्थिति तब है जब दस दिसम्बर को सभी नगर पंचायतों के ईओ की ओर से दो दिनों में अलाव व्यवस्था का दावा किया गया था।
  
सोमवार से जिले में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। सुबह गलन और सर्द हवाएं कंपकंपी छुड़ाने लगीं हैं। मंगलवार को भी धूप जरूर खिली लेकिन बीच-बीच में बदली से सर्दी का प्रकोप यथावत है। 'अमृत विचार' की ओर से सोमवार रात सभी निकाय क्षेत्रों में पड़ताल कराई गई। पड़ताल में पाया गया कि अभी तक किसी भी क्षेत्र में अलाव नहीं जले हैं, रैनबसेरों की व्यवस्था तो दूर है।

शाम को चुंगी - चौराहों पर अलाव तलाश करते हैं लोग 
बीकापुर, अयोध्या। सर्दी का प्रकोप बढ़ रहा है लेकिन बीकापुर में अलाव जलाए जाने की कोई व्यवस्था अभी तक नहीं हुई है।तेज पछुवा हवा चल रही है जिससे ठंड के असर को बढ़ा दिया है। तहसील और नगर पंचायत प्रशासन द्वारा चौराहों एवं बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। गरीबों को तहसील प्रशासन की ओर से कंबल वितरण भी फिलहाल ठंडे बस्ते में है। सोमवार शाम 7.25 बजे बीकापुर ब्लॉक मोड़ पर कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं दिखी। 7.30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व बस स्टैंड और तहसील के मेन गेट पर लोग ठंड से ठिठुरते दिखे। रात साढ़े आठ बजे खजुराहट बाजार के मिल्कीपुर मोड़ पर कहीं अलाव की व्यवस्था नहीं दिखाई पड़ी।जबकि नगर पंचायत की अधिशाषी अधिकारी अंजू यादव ने 9 दिसंबर को बताया था कि अलाव जलाए जाने की जगह तय की गई है। दो तीन दिन के अंदर अलाव जलवा दिए जायेगें।

ठंड जबरदस्त और अलाव का कोई इन्तजाम नहीं
मिल्कीपुर, अयोध्या। तेज चल रही पछुवा हवा ने ठंड के असर को बढ़ा दिया है। अभी तक तहसील प्रशासन द्वारा चौक-चौराहों एवं बाजारों में कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि अभी गरीबों को प्रशासन की ओर से कंबल भी वितरण नहीं किए गए हैं। शाम 7:33 बजे हैरिंग्टनगंज ब्लॉक के रेवतीगंज चौराहे पर कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं थी। रात 8:15 बजे कुचेरा बाजार के शाहगंज मोड़ पर लोग ठंड से ठिठुरते दिखे। रात साढ़े आठ बजे मिल्कीपुर बाजार के खजुरहट मोड़ पर कहीं अलाव की व्यवस्था नहीं दिखाई पड़ी।

न पंचायत जागी न तहसील ने ली सुधि 
सोहावल, अयोध्या। ठंड के प्रकोप का असर इतना है कि शाम होने के बाद कोई नजर नही आता है। रैन बसेरा नगर में तो दूर अभी नगर पंचायत में ही नहीं बना है। उप जिला अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया अभी शीत लहर नहीं है। गत वर्ष की तरह स्थान चिह्नित है। व्यवस्था बनाई जा रही है। जल्द ही अलाव और कंबल दोनों का प्रबंध हो जायेगा।

ये भी पढ़ें -सच कहने को बस अखबार की जरुरत है : धर्मराज उपध्याय

 

संबंधित समाचार