अंबेडकरनगर: किसानों की जमीन का मिले पांच लाख बिस्वा, विधायक राजभर ने सीएम को लिखा पत्र
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। जनपद में औद्योगिक कॉरिडोर के प्रस्तावित निर्माण से प्रभावित होने वाले किसानों की मदद के लिए समाजवादी पार्टी के विधायक रामअचल राजभर आगे आए हैं। उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर किसानों की समस्याओं के निस्तारण की मांग की है। सपा विधायक ने पत्र में लिखा है कि किसानों की भूमि का भुगतान पांच लाख रुपए प्रति बिस्वा सुनिश्चत किया जाए।
औद्योगिक कॉरिडोर की स्थापना से किसानों की बेस कीमती जमीन उनसे ले ली जाएगी और किसान भूमि हीन हो जाएंगे। संबंधित क्षेत्र के किसानों का जीवन खेती-बाड़ी पर ही टिका है। विधायक ने पत्र में लिखा कि खानजहांपुर के अमरबहादुर, खुशीराम यादव व मनोज कुमार आदि ने पत्र सौंपकर बताया है कि कई किसानों की भूमि औद्योगिक विकास प्राधिकरण कॉरिडोर स्थापना में जा रही है।
संबंधित भूमि का जो भी भुगतान दर तय किया गया है वह बहुत ही कम है। जिसके कारण भूमि जाने के बाद किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में किसानों की मदद करने की जरूरत है। जिससे उनको जमीन का उचित दाम मिल सके। विधायक ने पांच लाख रुपए प्रति बिस्वा का भुगतान कराए जाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को पढ़ाई के अनुसार सरकारी नौकरी भी दी जाए।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: पत्नी की हत्या के आरोप में फरार फिजियोथेरेपिस्ट आनंदेश्वर गिरफ्तार, चाकू से किया था 24 बार वार
