Good news : बाराबंकी में होगा नैनीताल जैसा एहसास, बेहद खूबसूरत दिखेगी भगहर झील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पांच करोड़ से होगा कायाकल्प, एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी

बाराबंकी, अमृत विचार। जिले के विश्वविख्यात महादेवा मंदिर के नजदीक स्थित भगहर झील को पर्यटन विभाग ईको पर्यटन स्थल के रुप में विकसित करने जा रहा है। यह झील 84 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली हुई है। इसका सौन्दर्यीकरण कराकर आगंतुकों के लिए उपयोगी बनाया जायेगा। इसके लिए लगभग 5 करोड़ रुपये की डीपीआर को शासनस्तर से स्वीकृति मिल गई है। वहीं निर्माण कार्य शुरु कराने के लिए एक करोड़ की धनराशि भी जारी की गई है। इसे लेकर आसपास के लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। 

यह झील अत्यधिक प्राचीन है, इसमें विभिन्न प्रजाति के जलीय जीव के अलावा देशी-प्रवासी पक्षी दुर्लभ प्रजाति के पक्षी भ्रमण करते रहते हैं। इसके आसपास बुनियादी सुविधाओं के विकास किये जाने से झील का संरक्षण भी होगा तथा पक्षी प्रेमियों एवं पर्यटकों के लिए एक पसंदीदा स्थल भी उपलब्ध होगा। प्रसिद्ध महादेवा मंदिर लखनऊ के करीब होने से यहां  भारी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न अवसरों पर मंदिर के दर्शन एवं पूजन के लिए आते रहते हैं। पर्यटन विभाग अब इस झील को ईको पर्यटन के रुप में विकसित करने के लिए तैयार है। यहां पहले से बागवानी है, इसके पास से पाथवे बनाया जाएगा। इतना ही नहीं झील के भीतर और किनारे वाॅकवे बनाया जाएगा। बच्चों के लिए खेल स्थल बनेगा। इस स्थान पर झूले भी लगाए जाएंगे। 

29 - 2023-12-19T165609.893

पर्यटक आएंगे तो उनके लिए खाने-पीने की सुविधा होगी, इसके लिए पर्यटन विभाग द्वारा कैंटीन भी बनायी जायेगी। इस झील में प्रवासी पक्षी भी खूब आते हैं, इसलिए मिट्टी का टिला भी बनायी जाएगी। झील के किनारे सीढ़ियां बनी हैं, इंटरप्रेटेशन सेंटर, गजिबो, वाच टावर समेत अन्य सुविधाएं हैं। ईको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने के बाद पर्यटकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होगी। ईको पर्यटन स्थल के रुप में विकसित होने के बाद भगहर झील के भ्रमण करने वालों की संख्या बढ़ जाएगी। क्षेत्र की इस झील के कायाकल्प की सूचना के बाद आसपास क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दाैड़ गई है।

पर्यटन विभाग की देखरेख में होगा कार्य
इस झील को खूबसुरत बनाने के साथ सुख-सुविधाएं मुहैया कराने के लिए पर्यटन विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से होने वाले कार्य के लिए शासनस्तर से उत्तर प्रदेश पाॅवर कारपोरशेन लिमिटेड कंपनी को कार्यदायी संस्था के रुप में नामित किया गया है। और कार्य की शुरुआत के लिए एक करोड़ की धनराशि भी जारी कर दी गई है। पूरा काम पर्यटन विभाग की देखरेख में कराया जाएगा।

मिल गई स्वीकृति 
भगहर झील का कायाकल्प होना है। स्वीकृति मिल गई है। यूपीपीसीएल को काम दिया गया है। जल्द ही सौंदर्यीकरण का काम शुरु कराया जाएगा। कागजी कार्रवाई चल रही है।
मनीषा चौधरी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी,बाराबंकी

ये भी पढ़ें -Video - पुलिसकर्मी का युवक को धमकाते ऑडियो वायरल, अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी से की शिकायत

संबंधित समाचार