लखीमपुर खीरी: पलिया क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के लिए 221.60 लाख रुपये स्वीकृत
लोक निर्माण मंत्री ने निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने पलिया विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग मार्गों परं सड़क निर्माण व आरसीसी पुलिया निर्माण कार्य कराने के लिए 221.60 लाख रुपये बजट का अनुमोदन कर दिया है। साथ ही उन्होंने शीघ्र सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दिए हैं।
जिन मार्गों पर कार्य कराया जाना है, उनमें विधानसभा क्षेत्र पलिया में स्थित टापरपुरवा से बढैय्या संपर्क मार्ग ग्रामीण श्रेणी का मार्ग है, जिसकी कुल लंबाई 0.500 किलोमीटर है। इस मार्ग के चैनेज 0.040 में आरसीसी पुलिया (बॉक्स कल्वर्ट) प्रस्तावित किया गया है, जिससे बारिश के दौरान बाढ़ के पानी से भी इस मार्ग की सुरक्षा हो सकेगी। क्योंकि यह मार्ग नेपाल बार्डर के समीप बाढ प्रभावित तराई क्षेत्र एवं शारदा नदी के कटान क्षेत्र में स्थित है।
बता दें कि बारिश सीजन में अत्यधिक वर्षा एवं नेपाल से पानी छोड़े जाने से मार्ग के चैनेज 0.040 में कटान हो जाने के कारण मार्ग पर यातायात पूर्णतया अवरूद्ध हो गया है, जिससे मार्ग पर स्थित ग्राम टापरपुरवा, बढैय्या, बिजौरिया व सैय्यदपुरवा आदि ग्रामों का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। इससे क्षेत्रवासियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए स्थानीय नाले पर 2×6.00 मीटर स्पॉन की आरसीसी पुलिया का निर्माण कार्य कराया जाएगा, जिस पर 69.63 लाख रूपये लागत आएगी। इसके बन जाने से मार्ग पर निरन्तर आवागमन संभव हो सकेगा। इस लघु सेतु का निर्माण कराया जाना अत्यन्त आवश्यक हो गया था।
इसके अलावा अन्य प्रस्तावित लघु सेतु गजरौरा संपर्क मार्ग ग्रामीण श्रेणी का मार्ग है, जिसकी कुल लंबाई 3.800 किलोमीटर है। यह मार्ग विधानसभा क्षेत्र पलिया में स्थित है। इस मार्ग के किलोमीटर तीन में रपटा पुल के स्थान पर आरसीसी पुलिया प्रस्तावित किया गया है। यह पुल नेपाल बार्डर के समीप बाढ प्रभावित तराई क्षेत्र में स्थानीय नाला पर स्थित है। बारिश सीजन में अत्यधिक वर्षा एवं नेपाल से पानी छोड़े जाने पर यह क्षेत्र अत्यधिक जलमग्न हो जाता है एवं जलस्तर बढ़ जाने के कारण रपटा पुल व मार्ग पर पानी का बहाव अत्याधिक हो जाता है। इस कारण मार्ग पर यातायात पूर्णतया अवरूद्ध हो जाता है।
इस मार्ग पर स्थित ग्रामों गजरौरा, अतरनगर व देवीपुर आदि का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट जाता है, जिससे स्थानीय ग्राम व क्षेत्रवासियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। लिहाजा स्थानीय नाले पर पूर्व से निर्मित रपटा पुल के स्थान पर 4×6 मीटर स्पॉन की आरसीसी पुलिया, पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे। इस पर 151.97 लाख रूपये लागत आएगी। इसके बन जाने से मार्ग पर निरन्तर आवागमन संभव हो सकेगा। इस लघु सेतु का निर्माण कराया जाना अत्यन्त आवश्यक है। गन्ना बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण लघु सेतु के बन जाने से आसपास के ग्रामवासियों/क्षेत्रवासियों को अपनी फसल मंडी व चीनी मिल ले जाने एवं सुगम यातयात में भी सुविधा होगी।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: भाजपा नेता जुगुल किशोर एक बार फिर सुर्खियों में आए...अब पूर्व प्रमुख ने लगाए गंभीर आरोप
