Hamirpur News: ठिठुरन से बचने को जलाए गए अलाव से घर जला, वृद्धा की जलने से हुई मौत
हमीरपुर में जलने से वृद्धा की मौत।
हमीरपुर में ठिठुरन से बचने को जलाए गए अलाव से घर जला। वृद्धा की जलने से मौत हो गई।
हमीरपुर, अमृत विचार। जरिया थानाक्षेत्र के चंडौत डांडा गांव में मंगलवार तड़के चारपाई के पास ठंड से बचाव के लिए कमरे में अलाव जलाकर सोई एक नब्बे वर्षीय वृद्धा की आग में जलकर मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक उठी चिंगारी से कमरे में रखे भूसे व रजाई में आग लगने से घटना हुई। पुलिस ने पंचनामा भरने की कारवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
चंडौत डांडा निवासी हरचरन निषाद ने बताया कि उनकी मौसी मधीया (90) पत्नी स्व. रामचरण निवासी ग्राम विरहट थाना चिकासी सोमवार रात चूल्हे में ठंड से बचाव के लिए कच्चे घर में अलाव जलाकर रखे थी, उसे घर मेें भूसा भरा था। सुबह चार बजे के करीब आग की चिंगारी अचानक कमरे में रखे भूसा में पहुंच गई जिससे कच्चा घर सहित उसी कमरे में सो रही मौसी मधीया की आग से जलकर मौत हो गई। घटना केे बाद गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी।
मृतका के भतीजे ने बताया मौसी मधीया की ससुराल बिरहट गांव में है। मायका ग्राम भड़रा डेरा परासन थाना आटा जनपद जालौन है। मृतका के पति की पूर्व में ही मौत हो चुकी है। कोई संतान न होने के कारण वह चंंडौत गांव में बहन के यहां लंबे समय से रह रही थी। उम्र ज्यादा होने के चलते चलने फिरने में भी असमर्थ रहती थी।
जरिया थाना प्रभारी निरीक्षक प्रिंस दीक्षित ने बताया कि सूचना के बाद घटना की जांच पड़ताल की है। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम से इनकार करने पर शव का पंचनामा की कार्रवाई की गई है। उपजिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जांचपड़ताल के लिए स्थानीय लेखपाल को भेजा गया। मृतका के आश्रितों को नियमानुसार मदद दी जाएगी।
ये भी पढ़ें- Etawah News: 22 की सुबह से 23 की सुबह तक बंद रहेगा चंबल का पुल, वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था
