शाहजहांपुर: सर्द रातों में रैन बसेरे खाली, सार्वजनिक स्थलों-फुटपाथों पर बसेरा

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बर्फीली हवाओं में ठिठुर रहे बेसहारा, रैन बसेरों की किसी को जानकारी तक नहीं

शाहजहांपुर, अमृत विचार। महानगर सहित नगर पालिका और नगर पंचायत में रैन बसेरे चालू कर दिए गए हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में बेघरों और बेसहारों का सार्वजनिकों स्थलों और फुटपाथों पर ही बसेरा है। इन लोगों को रैन बसेरे तक न तो कोई ले जाने वाला है और न ही जानकारी देने वाला। मंगलवार की शाम अमृत विचार की टीम ने रैन बसेरों का जायजा लिया तो पाया कि महानगर में इनकी पर्याप्त व्यवस्था की गई है, लेकिन जानकारी के अभाव यह सभी खाली पड़े हैं।

नगर निगम प्रशासन ने शहर के अजीजगंज में रैन बसेरा की व्यवस्था की है। यहां 50 लोगों के सोने के लिए तख्त, गद्दे, रजाई, तकिया आदि की पर्याप्त व्यवस्था है, लेकिन ज्यादातर बेड खाली मिले। वहीं हनुमत धाम में एक सौ लोगों के ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था है। यहां नियमित रूप से ठहरने वाले लोग मिले। यह दोनों स्थाई रैन बसेरा हैं, जबकि टाउन हाल के पास अस्थाई रैन बसेरा बनाया गया है, जिसमें 50 लोग रुक सकते हैं। यहां भी पर्याप्त व्यवस्था है, लेकिन यहां कोई नहीं मिला।

रैन बसेरा पर भी ताला लटकता मिला। पता करने पर पास के कमरे में लेटे युवक ने खोला। रैन बसेरों की व्यवस्था होने के बाद भी मंदिरों के पास, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन आदि सार्वनिक स्थान पर खुले आसमान में बर्फीली हवाओं के थपेड़ों के बीच सोने को मजबूर रहते हैं। टाउन हाल के पास ही एक व्यक्ति कंबल ओढ़कर सोने की कोशिश करते मिला।

रेलवे स्टेशन-रोडवेज पर बैठे यात्री बोले, रैन बसेरे की जानकारी नहीं
रेलवे स्टेशन और रोडवेज पर रात नौ बजे कंबल ओढ़े बैठीं सावित्री देवी निवासी हरदोई, राजकुमार निवासी बाराबंकी, प्रमोद सिंह निवासी बहराइच और लखनऊ निवासी मधुकर ने बताया कि सुबह ट्रेन है, इसलिए रात में ही आ गए हैं। पूछने पर बताया कि रैन बसेरे की जानकारी नहीं है, इसलिए यहीं किसी तरह रात काट लेंगे। कंबल घर से लेकर निकले हैं।

टाउन हाल के पास ही रोज सोते हैं
टाउन हाल के पास चबूतरे पर कंबल ओढ़कर कोशिश करते लखीमपुर खीरी निवासी राजू, दिनेश और बलदेव मिले। बताया कि वह दिन में रिक्शा चलाते हैं और शाम को यहां सो जाते हैं। रैन बसेरा की बाबत जानकारी देने पर बोले, उनके लिए कोई नहीं खोलेगा, इसलिए कहीं नहीं जाते। उन्हें रैन बसेरा की जानकारी तक नहीं थी।

शहर के अजीजगंज, हनुमत धाम और टाउन हाल के पास रैन बसेरा बनाया गया है। यहां रजाई, गद्दे सहित पर्याप्त व्यवस्था है। यात्री निशुल्क आकर रुक सकते हैं। इसके अलावा शहर में अलाव भी जलवा दिए गए हैं---संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त।

नगर निगम ने अलाव जलवाए
नगर निगम ने भीषण ठंड के मद्देनजर शहर के खिरनीबाग चौराहा, रोडवेज बस अड्डा, जिला अस्पताल, बरेली मोड़, टाउन हॉल स्थित विश्वनाथ मंदिर, लाल इमली चौराहा, केरूगंज चौराहा और हनुमातधाम, अजीजगंज व टाउन हॉल स्थित रैन बसेरा आदि क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था कराई गई है। मंगलवार की रात करीब सवा आठ बजे अलाव जलते मिले। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने देर रात तक अलावों को निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: काकोरी एक्शन प्लान के अमर शहीदों को मोमबत्ती जलाकर दी गई श्रद्धांजलि

संबंधित समाचार