मुरादाबाद : जागते रहो... अपनी सुरक्षा अपने हाथ, पुलिस चौकियों पर लटके हैं ताले
अमृत विचार लाइव: फकीरपुरा चौकी पुलिस को स्मैकियों और चोरों का भय, शाम होते ही ताला लगाकर गायब हो जाता है स्टॉफ, जिम्मेदार अधिकारी भी बने हैं अनजान
निर्मल पांडेय/मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस के बीच चोर-स्मैकियों का काफी भय है...। जी हां, ये बात फकीरपुरा चौकी प्रभारी ने सोमवार रात सार्वजनिक की। दरअसल, जाड़े में घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए पुलिस की कार्यशैली जानने के लिए अमृत विचार की टीम ने रात 9:30 बजे के बाद महानगर की पुलिस चौकियों का हाल जाना। इस दौरान हरथला, फकीरपुरा, खुशहालपुर, मंडी समिति, बुध बाजार, रोडवेज पुलिस चौकियों पर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया।

रात 9.23 बजे हरथला पुलिस चौकी में कांस्टेबल चंद्रभूषण सिंह बैठे मिले। कुछ देर बाद दरोगा अनिल कुमार और कांस्टेबल राहुल कुमार भी आ गए। पूछने पर बताया, सब्जी मंडी की ओर गश्त में थे। 9.45 बजे फकीरपुरा पुलिस चौकी में ताला लगा मिला। दरवाजे के बगल में दीवार पर चौकी प्रभारी सोमपाल सिंह का नाम और नंबर अंकित है। फोन करने पर इन्होंने बताया, उनका दो-ढाई महीने पहले बरेली ट्रांसफर हो गया है। अब चौकी प्रभारी रेनू तेवतिया हैं। इधर-उधर से चौकी प्रभारी का नंबर पता कर उनसे चौकी पर ताला लगा होने के कारण पूछा गया।

इनका जवाब काफी हैरत में डालने वाला है। इन्होंने कहा, क्षेत्र में इतने अधिक स्मैकिया हैं कि थोड़ी नजर हटी तो चौकी का सामान ही चोरी हो जाता है। इन स्मैकियों के भय के कारण पुलिस चौकी पर ताला लगा देते हैं। रेनू बोलीं, अबसे वह पुलिस चौकी पर ताला नहीं लगाएंगी। अभी उन्हें चौकी पर ज्वाइन किए 15 दिन नहीं बीते हैं। रात के 10.30 बज चुके थे। खुशहालपुर पुलिस चौकी में भी ताला लगा मिला। चौकी की बाहरी दीवार पर प्रभारी मयंक गोयल का नाम-नंबर अंकित है। कॉल कर पूछा तो अपने को मझोला थाने में मीटिंग में होना बताया।

उल्टे सवाल किया, क्या चौकी पर लेपर्ड भी नहीं है, फिर कहा, क्या करें दसियों बार होमगार्ड के लिए थाने पर कह चुके हैं, एक अदद होमगार्ड तो मिला नहीं है। 14 दिसंबर को पैरा की मिलक में मर्डर हो गया था, उसी में हम लोग लगे हैं, हो सकता है इसीलिए चौकी पर लेपर्ड भी नहीं है। मध्य रात्रि में गलशहीद थाने की रोडवेज पुलिस चौकी पर एक होमगार्ड तक नहीं था। चौकी की दीवार पर प्रभारी का नाम अमर मलिक लिखा है पर, मोबाइल नंबर का अंकन न होने से उनसे संपर्क नहीं हो पाया। गलशहीद थानाध्यक्ष सौरभ त्यागी ने बताया कि चौकी प्रभारी अमर मलिक छुट्टी पर हैं। चौकी पर केवल एक ही पुलिसकर्मी नियुक्त है।
पीआरवी-लेपर्ड भी दिखी सक्रिय
रात के 10 बजे खुशहालपुर मार्ग सेठिया फाॅर्म हाउस के सामने किसी वाहन की टक्कर से गोवंशीय पशु की मौत हो गई थी। मौके पर मझोला थाने की पीआरवी मार्ग पर आवागमन कर रहे वाहनों को साइड से पास करा रही थी। मृतक पशु के शव के निस्तारण को हेड कांस्टेबल अतुल मिश्र, चालक सुरेंद्र सिंह और लेपर्ड-32 पुलिस के हेड कांस्टेबल आनंद व कांस्टेबल सोमपाल संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने में लगे थे।
मंडी चौकी पर अलर्ट दिखी पुलिस
रात के 12 बजे थे। मंडी चौकी गेट पर प्रभारी देवेंद्र सिंह उनके साथ अन्य पुलिसकर्मी संदिग्ध वाहनों को रोककर पूछताछ कर रहे थे, उनके वाहनों की डिग्गी खोलकर संदिग्ध वस्तु की भी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान सायरन बजाती हुई तेज रफ्तार में आ रही एंबुलेंस को भी रोका। एंबुलेंस में रोगी न होने पर भी तेज रफ्तार और सायरन के प्रयोग पर चालक को फटकार लगाई। चौकी पर आठ पुलिसकर्मी नियुक्त हैं।
लोअर, टी-शर्ट में मिले पुलिसकर्मी
रात पौने 11 बज गए थे। कोतवाली नगर में बुध बाजार पुलिस चौकी पर होमगार्ड ऋषिपाल मिले। पूछने पर बताया, वह तत्काल आकर बैठे हैं। प्रभारी कुलदीप राणा की लोकेशन नहीं जानते हैं। कुछ देर बाद लोअर टी-शर्ट में दो पुलिसकर्मी आ गए और चौकी पर आने का कारण पूछने लगे। लेकिन, अमृत विचार की टीम के पूछने पर भी इन लोगों ने अपना नाम नहीं बताया और बैरक में चले गए।
रात में पुलिस गश्त के लिए निकल जाती है। इसलिए चौकी पर कोई पुलिसकर्मी नहीं रहा होगा। वैसे देखते हैं कुछ न कुछ व्यवस्था कराते हैं। चूंकि, रात में भी चौकी पर कम से कम एक व्यक्ति का होना जरूरी भी है।-मुनिराज जी, डीआईजी
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: ...महानगर में जहां दिखे सड़क वहां जाम लिख दो
