मुरादाबाद: 40,000 उपभोक्ताओं को 6 घंटे तक झेलना पड़ा बिजली का संकट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दो दिन बाद सही हुआ नवीन नगर मोहल्ले में बिजली का पोल, आपूर्ति रही बाधित, गुलाबबाड़ी में फाल्ट के चलते 4 घंटे का लिया गया था शटडाउन

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर के दो दर्जन से अधिक मोहल्ले के 40,000 उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति कई घंटे बाधित रही। इन क्षेत्रों में काफी संख्या में अस्पताल और स्वास्थ्य जांच केंद्र हैं। जो प्रभावित हुए। गुलाबबाड़ी 132 ट्रांसमिशन विद्युत उपकेंद्र पर दो दिन से फाल्ट ठीक करने का कार्य चल रहा था। मंगलवार को सुबह 4 घंटे का शटडाउन लिया गया था। जबकि 6 घंटे आपूर्ति बंद रही। कुछ मोहल्लों में इससे पानी की किल्लत भी बनी रही। नवीन नगर में गिरे बिजली के पोल को ठीक करने में दो दिन का समय लगा। इस दौरान आपूर्ति बाधित रही।   

मंगलवार को विद्युत वितरण खंड तृतीय में 30 फीडरों में 25 फीडर की आपूर्ति 6 घंटे लगातार बंद रही। जिससे एक साथ 40,000 उपभोक्ताओं को बिजली का संकट झेलना पड़ा। वहीं, बिजली कर्मचारियों ने ट्रांसमिशन विद्युत उपकेंद्र गुलाबबाड़ी पर दो दिन पहले हुए फाल्ट को ठीक करने को सुबह 10 बजे से 2 बजे तक का शटडाउन लिया था। लेकिन मरम्मत का कार्य शाम 4 बजे तक भी पूरा नहीं हो पाया।

 लगातार लंबे समय तक कटघर, गुलाबबाड़ी, प्रभात मार्केट, गोविंद नगर, करूला, पीतल नगरी, पंडित नगला, लाजपत नगर, असालतपुरा भूडे़ का चौराहा, ट्रांसपोर्ट नगर मोहल्लों में आपूर्ति ठप रही। बिजली कटौती वाले क्षेत्र में रोडवेज मार्ग और हरपाल नगर में काफी संख्या में अस्पताल और जांच केंद्र हाेने के कारण काफी भीड़ रहती है। जिससे मरीजों व तीमारदारों का परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं शाम 4 बजे कार्य पूरा बिना हुए ही आपूर्ति सुचारू की गई। वहीं, नवीन नगर में रविवार सुबह गिरे बिजली के पोल को सोमवार की रात 12 बजे बिजली कर्मचारी ठीक करने पहुंचे।

सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली कटौती की गई। ऐसे में बिजली से संबंधित कार्य पूरे दिन ठप रहे। सर्दी में बिजली की जरूरत ज्यादा महसूस नहीं होती, गर्मी होती तो बुरा हाल हो जाता।  - कमलदीप, पीतल नगरी   

हरपाल नगर में डॉक्टर के पास पत्नी को दिखाने गए। डाक्टर ने सिटी स्कैन कराने को कहा। सिटी स्कैन सेंटर पर बिजली न होने से काफी भीड़ थी। 3 बजे तक बिजली न आने पर वापस आना पड़ा। - मोहम्मद अकबर, करूला

रविवार को गुलाबबाड़ी ट्रांसमिशन विद्युत केंद्र में फाल्ट हो गया था। जिससे दो दिन से कर्मचारी सही करने में लगे हैं। मंगलवार सुबह 10 से 2 बजे तक का शटडाउन लिया गया था। लेकिन काम 2 बजे तक पूरा नहीं हो पाया। जिसमें समय अधिक लगा है। 25 फीडरों की आपूर्ति लंबे समय तक बंद रही। अभी कार्य पूरा नहीं हुआ। शेष कार्य कम समय में पूरा हो जाएगा।  -प्रेम कुमार, अधीक्षण अभियंता वितरण खंड तृतीय

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : जागते रहो... अपनी सुरक्षा अपने हाथ, पुलिस चौकियों पर लटके हैं ताले

संबंधित समाचार