बरेली: बार एसोसिएशन की मतगणना खत्म, जानिए किस पद कर किसने मारी बाजी
बरेली, अमृत विचार। बार एसोसिएशन के चुनाव में 72 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हुआ। इस चुनाव में सबसे कम वोटों से वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के अनुपम अग्रवाल जीते और सिर्फ सात वोटों के अंतर से हुलासी राम को हराया। बेहद नजदीकी मामला होने की वजह से ही हुलासी राम की ओर से दोबारा मतगणना की मांग की गई लेकिन दोबारा मतगणना के बाद भी नतीजा नहीं बदला।
सबसे ज्यादा वोटों से जीतने वालों में कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी जयपाल सिंह रहे। उन्होंने 707 वोटों से चुनाव जीता। जयपाल को 1187 और वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अमित अवस्थी 480 वोटों पर ही थम गए। संयुक्त सचिव प्रकाशन पद के लिए विजयी रोहित यादव ने महजबीं को 18 वोट से हराया। रोहित को 482 और महजबीं को 464 वोट मिले। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शेर सिंह गंगवार ने 55 वोटों से नरेंद्र मिश्र को शिकस्त दी। शेर सिंह को 644 वोट और नरेंज्र को 589 वोट मिले। संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद पर विजयी चमनआरा ने सौरभ को 73 वोटों से शिकस्त दी। चमन को 687 और सौरभ को 614 वोट मिले।
महिला शक्ति : नौ में से चार विजेता
बार चुनाव में अधिवक्ताओं ने चार महिला साथियों को भी अपने प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी सौंपी है। पहली बार सर्वाधिक नौ महिला प्रत्याशी विभिन्न पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरी थीं। जीतने वाली महिलाओं ने अधिवक्ता हित में काम करने की बात कही है।
संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद पर चार प्रत्याशियो में चमन आरा इकलौती महिला प्रत्याशी थीं। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी को आधुनिक बनाने और डिजिटल बनाने का काम करेंगी ।
वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद के 10 प्रत्याशी थे जिनमें से छह चुने जाने थे। वरिष्ठ अधिवक्ता गायत्री अकेली महिला प्रत्याशी थीं। जीतने के बाद कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याएं दूर कराने के लिए ही वह चुनाव जीती हैं।
कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद पर 15 प्रत्याशी थे जिनमें चार महिलाएं थीं। इनमें दो को विजय मिली है। जीतने के बाद भावुक हुई प्रेरणा मौर्य ने कहा कि जूनियर्स के लिए विधि व्यवसाय खड़ा करना बहुत बड़ी बात होती है, वह जूनियर्स की आवाज बनेंगी।
कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद पर विजेता हुई कविता का कहना है कि पदाधिकारी बनकर अधिवक्ता हित में काम करने का इरादा है, उसे हर हालत में पूरा करेंगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: बार चुनाव में 86.66 फीसदी मतदान, मतगणना आज
