पीलीभीत: गन्ना लदे वाहन ने ली एक और जान, निजी एंबुलेंस के चालक की मौत...मचा कोहराम
पीलीभीत, अमृत विचार। टनकपुर हाईवे पर गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॅाली और निजी एंबुलेंस में टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस के चालक की मौत हो गई। कई घंटे बाद शिनाख्त होने पर परिवार वालों को सूचना देकर बुलाया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के परिवार में चीख पुकार मची रही।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम खमरियापुल के निवासी जितेंद्र कुमार (24) पुत्र देवीदास निजी एंबुलेंस चलाते थे। उत्तराखंड के खटीमा की रहने वाली एक महिला की पीलीभीत में बीमारी का इलाज कराने के दौरान मौत हो गई थी। उसके शव को एंबुलेंस से बुधवार देर शाम खटीमा लेकर जा रहे थे। मृतका के परिवार के कुछ सदस्य भी बैठे हुए थे। टनकपुर हाईवे पर पिपरिया और सैदपुर गांव के बीच पहुंचते ही एंबुलेंस की टक्कर गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से हो गई। हादसे में एंबुलेंस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य लोगों को मामूली चोट आई। इसकी सूचना मिलने पर न्यूरिया पुलिस मौके पर पहुंची। महिला का शव लेकर उसके परिवार वाले चले गए।
इधर, पुलिस ने एंबुलेंस चालक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया। उसकी पहचान के प्रयास शुरू कर दिए गए। कई घंटे बाद शव की पहचान हुई तो परिवार वालों को सूचना दी गई। परिजन भी जिला अस्पताल आ गए। शव देख सभी का रोकर बुरा हाल रहा। गुरुवार को पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए जितेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराया। उधर, चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर मौके से भाग गया था। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: दंपति संग सो रही तीन दिन की बच्ची हो गई चोरी, आहट पर जागे तो उड़ गए होश..जानिए पूरा मामला
