लखीमपुर-खीरी: आंगनबाड़ी वर्कर का मानदेय रोका, सेवा समाप्ति का नोटिस जारी
ग्रामीणों ने पोषाहार नहीं बांटने और केंद्र से अनुपस्थित रहने के लगाए थे आरोप
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। रमियाबेहड़ क्षेत्र के गांव सुजईकुंडा की आंगनबाड़ी वर्कर अनीता देवी के खिलाफ लगे आरोपों की जांच में पुष्टि होने के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी भारत प्रसाद ने आंगनबाड़ी वर्कर का मानदेय रोक दिया है। साथ ही सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
ग्राम पंचायत सुजईकुंडा के ग्रामीणों ने गांव में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की वर्कर अनीता देवी पर पोषाहार वितरित न करने और केंद्र से अनुपस्थित रहने के आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। जिला कार्यक्रम अधिकारी भारत प्रसाद ने गांव सुजईकुंडा जाकर मामले की जांच पड़ताल की, जहां पर अधिकांश ग्रामीणों ने वही दोहराए।
अपने बचाव में आंगनबाड़ी वर्कर कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सकीं। लिहाजा जिला कार्यक्रम अधिकारी ने आंगनबाड़ी वर्कर अनीता देवी का मानदेय रोक दिया है और उनकी सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर दिया है। डीपीओ ने बताया कि जांच में आंगनबाड़ी वर्कर के खिलाफ लगे आरोपों की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की गई है। आंगनबाड़ी वर्कर द्वारा संतोषजनक जवाब न मिलने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।
577 नॉन लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों में भी हॉटकुक्ड बनना प्रारंभ
लखीमपुर खीरी, अमृत विचारः जनपद के 3556 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 577 नॉन लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी हॉटकुक्ड बनने की शुरूआत हो गई है। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी भारत प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया कि तीन से छह वर्ष तक के 1,52,462 बच्चों को हॉटकुक्ड देने के लिए कोटेदारों के माध्यम से राशन आंगनबाड़ी केंद्रों को उपलब्ध कराया गया है।
कन्वर्जन कास्ट के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को एक करोड़ 40 लाख 93 हजार 370 रूपये हस्तांतरित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में आईसीडीएस केंद्र हॉटकुक्ड फूड निधि नाम से बैंकों में खुले आंगनबाड़ी वर्कर व सभासद के संयुक्त खाते में धनराशि भेजी गई है। इसी तरह ग्राम पंचायतों में आंगनबाड़ी वर्कर व प्रधान के संयुक्त खातों में धनराशि भेजी गई है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: नवीन ब्लैक स्पॉट गुदरिया बाबा मंदिर पर समुचित स्थाई उपाय कराने की तैयारी
