Kanpur Dehat Accident: वाहन की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साले की मौत, हादसे के बाद परिजनों में मची चीख-पुकार
कानपुर देहात में वाहन की टक्कर से बाइक सवार पेंटर जीजा-साले की मौत।
कानपुर देहात के मूसानगर में मुगल रोड पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार पेंटर जीजा-साले की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
कानपुर देहात, अमृत विचार। मूसानगर थाना क्षेत्र के मुगल रोड पर हलिया मोड़ के पास गुरुवार रात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पेंटर जीजा-साले गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां ईएमओ ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया।
भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के डींघ गांव निवासी सोनू (30) पुत्र राजाबाबू कानपुर में पेंटिंग का काम करता था। उसके साथ रहकर साला कोमल (37) पुत्र रामबाबू निवासी राटी मखौली थाना घाटमपुर कानपुर नगर भी काम करता था। दोनों गुरुवार की शाम कानपुर से डींघ गांव आए थे। जहां से सोनू अपने साले कोमल को छोड़ने के लिए बाइक से ससुराल राठी मखौली घाटमपुर जा रहा था। वह देर रात जैसे ही मुगल रोड पर मूसानगर थाना क्षेत्र के हलिया मोड़ के पास पहुंचे। तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पर पहुंची पुलिस उन्हें पुखरायां सीएचसी ले गई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल अकबरपुर रेफर कर दिया गया। यहां ईएमओ डॉ. श्रीप्रकाश ने जीजा-साले को मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई मनोज ने बताया कि जीजा सोनू भाई कोमल को छोड़ने जा रहे थे। परिजन उनके आने का इंतजार कर रहे थे।
लेकिन हादसे में दोनों की मौत होने की जानकारी मिली। कोमल की मौत पर पत्नी गुड्डी, पुत्र गुन्नू, छोटू व सोनू की मौत पर पत्नी अंशुका समेत अन्य परिजन रोते-बिलखते रहे। वहीं शुक्रवार को पीएम के बाद दोनों के शव घर पहुंचे तो फिर से चीत्कार मच गया। मूसानगर थाना प्रभारी अखिलेश जायसवाल ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: कुंए में मिला लापता युवक का शव… पांच दिन से था लापता, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
