रामपुर: दलित किशोरी को शराब पिलाकर छेड़छाड़ करने का आरोपी गिरफ्तार
नशा पिलाकर पड़ोस के खेत में ले गया था गांव का युवक, शिकायत करने पहुंचे बेटी के पिता को किया था अपमानित
रामपुर/शाहबाद, अमृत विचार। दलित किशोरी के साथ गांव के ही युवक ने शराब पिलाकर छेड़छाड़ करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
बताते चलें कि चार दिन पूर्व ढकिया गांव निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर दी थी। आरोप था रविवार को अपराह्न के वक्त उसकी नाबालिग बेटी एक खेत से बरसीम काटने गई थी। वहां गांव का ही शत्रुघ्न पाल सिंह उर्फ सिद्दू भी मौजूद था। आरोपी ने पहले बहला फुसलाकर किशोरी को शराब पिला दी।
इसके बाद उसे पास के सरसों के खेत में ले गया था और उससे अश्लील हरकतें कीं। घर आकर किशोरी ने परिजनों को आप बीती सुनाई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पिता उसे लेकर आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे तो आरोप है कि वहां आरोपी ने उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया था। मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: आत्महत्या के लिए उकसाने वाली पत्नी गिरफ्तार, परेशान होने पर युवक ने खाया था जहर
