बरेली: मेगा फूड पार्क में इंडस्ट्री लगाने से नोएडा की डेयरी क्राफ्ट कंपनी का इन्कार
उद्योग बंधु की बैठक में नदी के कटान से पानी पहुंचने पर इंडस्ट्री को बताया खतरा,विकास भवन में हुई बैठक, सीडीओ के समक्ष उद्यमियों ने रखीं समस्याएं, मिला आश्वासन
बरेली, अमृत विचार : विकास भवन सभागार में शुक्रवार शाम को मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें बहेड़ी के मेगा फूड पार्क का एक मामला जोरशोर से उठा। फूड पार्क के नजदीक नदी के कटान की वजह से नोएडा की डेयरी क्राफ्ट कंपनी ने अपना प्रोजेक्ट लगाने से इन्कार कर दिया है।
कंपनी ने 30 मीटर दूर कटान होने से पानी पहुंचने पर इंडस्ट्री को खतरा बताया है। डेयरी क्राफ्ट कंपनी ने करीब तीन सौ करोड़ की लागत से फूड पार्क में बड़ा प्राेजेक्ट लगाने के लिए निर्माण भी शुरू कर दिया था। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा में सड़कों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण का मामला उठा। भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या अब तक दूर नहीं होने की बात कही गई।
बहेड़ी के मुड़िया मुकर्रमपुर में विकसित मेगा फूड पार्क पर चर्चा की। अधिकारियों ने दावा किया कि प्लॉटों की बुकिंग तेजी से हो रही है, मगर बैठकों में उद्यमी जब इसकी रिपोर्ट मांगते हैं, तो अफसर महज आश्वासन देते हैं। उद्यमियों के मुताबिक पार्क में अब तक उद्योगों के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित नहीं हुआ है।
सीडीओ ने कहा कि जिन मामलों में तकनीकी समस्या आ रही है उन्हें यूपी इन्वेस्ट की तकनीकी टीम से ठीक कराएं। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के लिए चयनित एमओयू के संबंध में विभागों को जरूरी कवायदें पूरी करने के निर्देश दिए। उद्यमी मयूर धीरवानी, राजेश गुप्ता, विमल रेवाड़ी, अभिनव कटरू, सुरेश सुंदरानी, आशुतोष शर्मा आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - बरेली: सुबह 10 बजे से खुलेंगे कक्षा 8 तक के सभी स्कूल
