गोंडा: संकल्प यात्रा में विधायक ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, मंदिर में झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वजीरगंज/गोंडा, अमृत विचार। वजीरगंज ब्लॉक के डल्लापुर गांव स्थित सम्मय माता मंदिर परिसर में शनिवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन हुआ। यात्रा के दौरान तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडे ने मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। 

उन्होंने उपस्थित लोगों के सामने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनायीं और एक दिव्यांग लाभार्थी को पीएम आवास का स्वीकृति पत्र सौंपा। सम्मय माता मंदिर परिसर में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए विधायक प्रेम नरायण पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार में चल रही लाभार्थी परक योजनाएं मोदी सरकार की गारंटी हैं। 

आयुष्मान कार्ड या जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि पहले किसी गरीब परिवार या सदस्य बीमार हो जाओ तो साहूकारों से कर्ज लेना पड़ता था। तब जाकर इलाज होता था। इस ब्याज की अदायगी करते करते लोगों के घर बिक जाते थे लेकिन सरकार की आयुष्मान योजना के तहत अब लाभार्थी पांच लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त में करा सकता है। 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज के सबसे पिछले पायदान पर खड़े लोगों का विकास करने के लिए काम कर रही है। डल्लापुर के बूथ अध्यक्ष जवाला प्रसाद ने छुट्टा मवेशी की समस्या उठाई तो विधायक ने कहा कि 31 दिसंबर के बाद मवेशी सड़क पर नहीं दिखायी देंगे। सभी छुट्टा मवेशियों को गौशालाओं में भेजा जायेगा। विधायक ने सम्मय माता मंदिर परिसर में झाड़ू भी लगायी। 

उन्होंने डल्लापुर गांव के रहने वाले दिव्यांग सूबेदार को प्रधानमंत्री आवास की चाभी सौंपी। इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय, मंडल अध्यक्ष रामचंद्र प्रजापति, जिला मंत्री अजय सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संजय गोस्वामी, प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक अजय कुमार, सहायक अध्यापक उदयभान वर्मा व अमित कुमार तिवारी समेत सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें;-रायबरेली: DCRB कार्यालय में घुसकर महिला ने सिपाही को डंडे से पीटा, बाइक भी तोड़ी, मचा हड़कंप... देखें Video

 

संबंधित समाचार