बदायूं: एक साल पहले प्रेम विवाह, मौसी के घर गई पत्नी तो दरिंदा बना पति...जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

बदायूं, अमृत विचार। साल भर पहले एक गांव के युवक-युवती ने प्रेम विवाह किया। कुछ दिनों के बाद युवक पत्नी के घर पर रहने लगा। पत्नी अपनी मौसी के घर गई। जिससे बौखलाया पति दरिंदा बन गया। वह पत्नी की मौसी के घर पहुंच गया और दांत से पत्नी की नाक काटी। पत्नी चिल्लाई तो उसने चाकू से नाक पर हमला किया। पीड़ित ने तहरीर दी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के गांव खेड़ा बुजुर्ग निवासी पल्लवी ने तहरीर देकर बताया कि उन्होंने गांव निवासी युवक से एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ ही दिनों के बाद पति उनके घर पर आकर रहने लगा। कुछ दिनों में युवक का व्यवहार बदल किया। वह आए दिन पल्लवी से विवाद करने लगा। शुक्रवार को पल्लवी अपनी मौसी आशा के घर कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर गई थीं और वही रुक गईं। 

शनिवार को युवक ने पल्लवी को घर पर नहीं पाया तो विवाद करने लगा। परिजनों से पल्लवी के बारे में जानकारी की। जानकारी होने पर वह पल्लवी की मौसी के घर पहुंच गया। कुछ देर पल्लवी से बात करने के बाद उसे कमरे में ले गया। जहां उसने पल्लवी की नाक पर अपने दांतों से काटा। वह चीख पड़ी तो चाकू से उनकी नाक पर हमला किया। आवाज सुनकर मौसी के परिजन पहुंच गए तो युवक कमरे से निकलकर भाग गया। 

परिजन खून से लथपथ पल्लवी को लेकर कोतवाली सिविल लाइन पहुंचे। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढे़ं- बदायूं: 2024 चुनाव में पीएम मोदी को नहीं रोक पाएगा ठगबंधन- केशव प्रसाद मौर्य

 

 

संबंधित समाचार