भारत घूमने आने वाला हर व्यक्ति पहले राम मंदिर के दर्शन करेगा : साक्षी महाराज
विपक्ष पर साधा निशाना, इंडिया गठबंधन को कहा महा ठग बंधन
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में पूर्व पीएम स्व. चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर किसान सम्मान दिवस में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा सांसद साक्षी महाराज पहुँचे। जहां उन्होंने किसानों को सम्मानित करने के साथ ही मंच से संबोधित किया। बता दें उन्नाव सांसद सच्चिदानंद साक्षी महाराज ने मीडिया से बात करते हुये कि कर्नाटक में हिजाब बैन हटाने पर बहुत ही कम शब्दों में सवाल से बचते हुए कहा कि मोदी है, तो मुमकिन है।
भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने राम मंदिर ट्रस्ट को पत्र लिखा हैं कि अखिलेश यादव को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में न बुलाया जाये, क्योंकि सपा सरकार में कारसेवको पर गोलियां चलाई गयी थी। इस पर भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि राम का आदर्श आसमान को छूता है। विदेश से जो भी भारत में घूमने आयेगा तो देखने के लिए पहला स्थान प्रभू श्री राम का मंदिर होगा। प्रभु श्री राम के मंदिर में जो भी आयेगा उसे रोका नहीं जा सकता। राम का हृदय इतना विराट है उनके शरण में आने वालों को रोका नहीं जा सकता।
इंडिया गठबंधन के बारे में उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा होने दीजिये, इंडिया गठबंधन तार-तार हो जायेगा। उसके बाद यह सब अपने-अपने हिसाब से चुनाव लड़ेंगे। साक्षी महाराज ने लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की क्राउडफंडिंग पर निशाना साधते हुये कहा कि जिस समय राष्ट्र का अपमान हो रहा था राष्ट्र के उपराष्ट्रपति की नकल उतरी जा रही थी। तब राहुल गांधी नाच नाच कर वीडियो बना रहे थे। इस प्रकार के व्यक्ति के संदर्भ में मैं कुछ नहीं कहना चाहूंगा। मैं सरकार से यह आग्रह करूंगा की कल्याण बनर्जी और राहुल गांधी को चुनाव लड़ने के लिये अयोग्य घोषित करना चाहिये।
ये भी पढ़ें -किसान दिवस : अधिक उत्पादकता वाले 26 किसान हुए सम्मानित
