अंबेडकरनगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 25 किलो से अधिक गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

थाना बसखारी और स्वाट की संयुक्त पुलिस टीम ने अन्तर्राजीय गांजा तस्कर के पास से सैन्ट्रो कार और पांच मोबाइल फोन किया बरामद

अंबेडकरनगर, अमृत विचार। जिले के थाना बसखारी और स्वाट की संयुक्त पुलिस टीम ने तीन अन्तर्राजीय गांजा तस्करों को सैन्ट्रो कार और पांच मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर जनपद अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत शनिवार को थाना बसखारी और स्वाट की संयुक्त पुलिस टीम ने थाना बसखारी क्षेत्र अन्तर्गत अकबरपुर जाने वाली सड़क के हरैया मोड़ पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार को रोकने का प्रयास किया तभी चालक कार लेकर भागने गया। जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबन्दी कर कार को रोकवाया और जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें से आठ बंडल में 25 किलो 500 ग्राम गांजा, पांच मोबाइल फोन बरामद हुआ।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना नाम अमित चन्द यादव पुत्र स्व. श्रीराम यादव निवासी मछलीगांव थाना सम्मनपुर जनपद अंबेडकरनगर, तेजबहादुर यादव पुत्र शिवकरन यादव उर्फ  रामअछैवर यादव निवासी सरैया वीरान थाना कूड़ेभार जनपद सुल्तानपुर। पुष्पा पत्नी स्व. सन्तराम निवासी रामडीह सराय मझौवा थाना बसखारी जनपद अंबेडकरनगर बताया है।

संयुक्त पुलिस टीम ने अभियुक्तों को बसखारी थाना क्षेत्र के बढिय़ानी कला हाईवे कट से एक हुण्डई सेन्ट्रो कार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों के अपराधिक इतिहास की भी जानकारी की जा रही है। 

गिरफ्तार अभियुक्त उड़ीसा, आन्ध्र प्रदेश और बिहार से लाते थे गांजा : पुलिस से पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि हम लोग उड़ीसा, आन्ध्र प्रदेश से चार पहिया वाहन से और बिहार से दो पहिया वाहनों से महिलाओं के जरिए गांजा मगवाते थे। जिससे हम लोग पकड़े न जा सके। उसके बाद जनपद और पड़ोसी जनपदों में थोड़ा-थोड़ा करके बेचते थे। अभियुक्तों ने बताया कि चेकिंग से बचने के लिए महिलाओं का प्रयोग करते थे।

एएसपी बोले...

अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि बसखारी पुलिस और स्वाट टीम के संयुक्त अभियान में तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों ने आसपास के जनपदों में भी गांजा बेचने की बात कही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच में जुटी है। 

यह भी पढ़ें:-पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी : 60000 पदों पर निकली भर्ती, ऐसे करें आवेदन

संबंधित समाचार