बरेली का ऑटो, राजस्थान में ट्रक दिखाकर किया चालान
बरेली, अमृत विचार। एक ऑटो पर एक टन माल आ सकता है। सुनकर आप भी दंग रह जाएंगे। लेकिन यह सच है। एक ऑटो का चालान ओवरलोड में किया गया। ऑटो चालक को पता तब चला जब वह फिटनेस कराने आरटीओ के यहां गया। जिस नंबर पर चालान काटा गया है वह ट्रक पर पड़ा …
बरेली, अमृत विचार। एक ऑटो पर एक टन माल आ सकता है। सुनकर आप भी दंग रह जाएंगे। लेकिन यह सच है। एक ऑटो का चालान ओवरलोड में किया गया। ऑटो चालक को पता तब चला जब वह फिटनेस कराने आरटीओ के यहां गया। जिस नंबर पर चालान काटा गया है वह ट्रक पर पड़ा है। चालान राजस्थान में किया गया है। जिस नंबर पर चालान किया गया है वह ऑटो का है।
अब सुभाष नगर में रहने वाला आटो चालक परेशान है कि करे तो क्या करे। आरटीओ के यहां भी सभी अधिकारियों ने पल्ला झाड़ लिया है। सुभाष नगर के रहने वाले अशोक कुमार ऑटो चालक है।
ऑटो का नंबर (यूपी25 एटी- 0524) है। उन्होंने बताया कि बीते दिनों जब वह अपने ऑटो की फिटनेस कराने एआरटीओ कार्यालय पहुंचे तो पता चला कि उनके ऑटो के नंबर पर राजस्थान के धवलपुर में 5100 रुपये का चालान कटा हुआ है।
यह चालान ऑनलाइन काटा गया था। इसमें हैरानी की बात तो यह थी कि यह चालान ऑटो का नहीं बल्कि किसी ट्रक के नाम से काटा गया था। चालान काटने का कारण एक टन माल ओवर लोडिंग बताया गया था। अधिकारियों का कहना था कि जब तक चालान नहीं भरा जाएगा उसके ऑटो की फिटनेस नहीं हो सकती।
ऐसे में अशोक कुमार ने सभी अधिकारियों के दरवाजे खटखटा दिए मगर उसे कोई फायदा नहीं हुआ। वह अब धवलपुर जाकर वहां के अधिकारियों से बात करने की बात कह रहा है।
वहीं, इस बारे में अधिकारियों का मानना है कि यह चालान गलती से काट गया है। इसके पीछे नंबर प्लेट बदलने से लेकर स्टाइल में नंबर लिखवाना कुछ भी हो सकता है।
“यह चालान गलती से काटा गया है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। हो सकता है कि ट्रक मालिक ने नंबर प्लेट बदल ली हो। या हो सकता है कि यह गलती स्टाइल में नंबर लिखवाने की वजह से हुई है। इसलिए अब हाई स्क्यिोरटी वाली नंबर प्लेट अनिवार्य है। ऐसा कैसे हुआ यह एक जांच का विषय है।” — आरपी सिंह, एआरटीओ (प्रशासन)
