बरेली: अनदेखी... एक जनवरी से प्रयोगात्मक परीक्षा, अब उपकरण मुहैया कराने के लिए मांगे आवेदन
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। यूपी बोर्ड परीक्षा नजदीक आ रही है। 1 जनवरी से प्रयोगात्मक परीक्षा प्रस्तावित है, मगर तमाम राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में प्रयोग करने के लिए लैब में जरूरी विज्ञान सामग्री (उपकरण ) नहीं हैं। इन कॉलेजों में विज्ञान सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जेम पोर्टल पर दो बार आवेदन मांगे जा चुके हैं, मगर अभी कोई भी फर्म मानक पूरा नहीं कर सकी है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से परीक्षा की समय सारिणी जारी कर दी गई है, लेकिन ज्यादातर स्कूलों की प्रयोगशालाओं में छात्रों के प्रयोग के लिए विज्ञान की सामग्री ही नहीं हैं। जिले में 22 राजकीय स्कूलों में विज्ञान की सामग्री मुहैया कराई जानी है।
इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जेम पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे, लेकिन दो बार की ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत कोई भी आवेदक आवेदन के लिए मानक पूरे नहीं कर सका। अब तीसरी बार बिड होगी। उधर, 1 से 14 जनवरी के बीच स्कूलों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं होनी हैं। जबकि अभी विज्ञान सामग्री मुहैया कराने के लिए जारी ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया अधर में लटकी है।
जनपद भर के नवीन राजकीय स्कूलों में प्रयोग के लिए सामग्री मुहैया कराने के लिए विभागीय जेम पोर्टल पर आवेदन मांगे गए थे, मगर आवेदकों के मानक पूरे नहीं थे। इस कारण इस प्रक्रिया के तहत तीसरी बार आवेदन मांगे जाएंगे---देवकी सिंह, डीआईओएस।
इन स्कूलों उपलब्ध कराई जानी है विज्ञान सामग्री
सियाठेरी, टांडा छंगा, रतनगढ़, गुलरिया अताहुसैन, सिमरावा, अहिलादपुर, बिथरीचैनपुर, खुली, बसंतपुर, भिण्डौरा, बलई भगवंतपुर, बराथानपुर, नंदगांव, पालपुर कमालपुर, तालगौटिया, नाराफरीदपुर, सिमरा केशवपुर, इनायतपुर, करतौली, मोहम्मदपुर, टांडा सदात और पंडरी स्थित विद्यालय में विज्ञान सामग्री उपलब्ध कराई जानी है।
यह भी पढ़ें- बरेली: डूडा के सर्वेयर ने मृतका के खाते में कराया भुगतान, FIR
