अयोध्या में धर्मपथ व रामपथ से गुजरेंगें प्रधानमंत्री, रेलवे स्टेशन भवन के लोकार्पण से पूर्व कर सकते हैं रामलला के दर्शन-पूजन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी में चल रही विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व लोकार्पण को आ रहे प्रधानमंत्री मोदी भाजपा सरकार के विकास का मॉडल देश-दुनिया के सामने प्रदर्शित करने के लिए धर्मपथ और रामपथ (लगभग साढ़े तीन किमी) से गुजरेंगें। हालांकि अभी पीएम के दौरे का अधिकृत कार्यक्रम नहीं आया है लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि अयोध्या जंक्शन के नए स्टेशन भवन के लोकार्पण और ट्रनों को हरी झंडी दिखाने के पूर्व वह रामलला का दर्शन-पूजन भी कर सकते हैं। 

पीएम मोदी के धर्मपथ और रामपथ पर प्रथम आगमन को लेकर पार्टी की ओर से स्वागत अभिनंदन की तैयारी की जा रही है। दोनों मार्गों पर जगह-जगह संत-धर्माचार्यों के साथ संस्कृत व वेदपाठी छात्रों, रामनगरी के नर-नारी और पार्टी कार्यकर्ताओं को स्वागत व अभिनंदन का जिम्मा सौंपा गया है।  


 
आगामी 22 जनवरी को जन्मभूमि पर निर्माणाधीन राम मंदिर के गर्भगृह में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर आयोजित होने वाले आस्था के मेगा इवेंट के पूर्व लोकसभा महासमर 2024 की तैयारियों में जुटी भाजपा ने विकास के मॉडल को देश-दुनिया में प्रदर्शित करने व अयोध्या से बड़ा संदेश देने की तैयारी की है। 

जिसके तहत प्राण-प्रतिष्ठा के पूर्व प्रधानमंत्री मोदी के हाथों मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम हवाई अड्डा और अयोध्या जंक्शन पर बन रहे आधुनिक सुख-सुविधाओं युक्त नए स्टेशन भवन समेत 30 हजार करोड़ से ज्यादा की योजनाओं के लोकार्पण और उद्घाटन कराने की तो रेल यात्रियों के लिए नई वंदे भारत ट्रेन समेत तमाम नई परियोजनाओं की सौगात दिलाने की तैयारी है। 

रामनगरी के चारों प्रमुख पथों जन्मभूमि पथ,भक्ति पथ, धर्म पथ और राम पथ तथा अन्य अयोध्या आगमन पथों के शुभारंभ के साथ पीएम मोदी धर्मपथ और रामपथ से गुजरेंगें। हवाई अड्डे से वह लखनऊ-गोरखपुर के रास्ते अयोध्या बाईपास पहुंचेंगें और यहां साकेत पेट्रोल पंप से धर्मपथ होते हुए रामपथ पर टेढ़ीबाजार तक लगभग साढ़े तीन किलोमीटर पर कराये गए विकास कार्यों का अवलोकन करेंगें। 

इस दौरान पार्टी की ओर से उनका धर्मपथ और रामपथ पर भव्य स्वागत-अभिनंदन का खाका खींचा गया है। जानकारों का कहना है कि रामजन्मभूमि परिसर के निकट से गुजरते समय वह रामलला का दर्शन-पूजन भी कर सकते हैं। पीएम के स्थलीय मूवमेंट को लेकर एनएचआई की ओर से हाइवे पर सड़कों को दुरुस्त कराने के साथ रंगाई-पुताई और साज-सज्जा का कार्य शुरू कराया गया है।     

भाजपा के महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव का कहना है पीएम मोदी धर्मपथ के रास्ते रामपथ होते हुए नए स्टेशन भवन का लोकार्पण करने अयोध्या रेलवे स्टेशन पहुँचेंगें। इस दौरान रामनगरी के संत-धर्माचार्यों,आम जनमानस,बहनों, वेद पाठी संस्कृत छात्रों आदि की ओर से उनका वैदिक विधि विधान से स्वागत अभिनंदन किया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि मोदी-योगी सरकार ने जिस तरह से रामनगरी अयोध्या का विकास कराया है वह पार्टी के विकास मॉडल को प्रतिबिंबत करता है। यहां 30 हजार 500 करोड़ की परियोजनाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं और तमाम अन्य परियोजनाओं पर काम होना है।   

पुलिस में छुट्टियों पर भी रोक, तबादला हुए कर्मियों को नहीं किया गया रिलीव

प्रधानमंत्री मोदी के 30 दिसंबर के कार्यक्रम को लेकर पुलिस विभाग ने छुट्टियों पर रोक लगा दी है,वहीं जनपद से गैर जनपद स्थानांतरित किये गए अधिकारियों और  कर्मियों को कार्यक्रम के मद्देनजर अभी रिलीव नहीं किया जा रहा है। उधर एडीजी ज़ोन पीयूष मोर्डिया ने अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिग कर तैयारियों की समीक्षा की है। सोमवार से उनके जिले में कैंप करने की उम्मीद है।  

हवाई अड्डा, नए रेलवे स्टेशन भवन समेत विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करने आ रहे पीएम मोदी के विस्तृत कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन को एक साथ कई मोर्चों पर तैयारी करनी पड़ रही है। पीएम को हवाई अड्डे और अयोध्या जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम के साथ हवाई अड्डे के निकट आयोजित विशाल जनसभा में शिरकत करनी है तो लखनऊ हाइवे समेत धर्मपथ व रामपथ पर लगभग 15 किलोमीटर सड़क मार्ग से विचरण करना है। 

इसको लेकर पुलिस को सुरक्षा का दायरा बढ़ाना पड़ रहा है और पुलिस विभाग ने प्रमुख कार्यक्रम स्थलों समेत आवागमन के पूरे मार्ग पर सुरक्षा और व्यवस्था का खाका खींचना शुरू कर दिया है। यातायात डाइवर्जन से लेकर पार्किग, ड्यूटी में आने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों तथा ख़ुफ़िया व सुरक्षा एजेंसियों के रहने और खाने की व्यवस्था, संबंधित क्षेत्रों की सघन जाँच और तलाशी, आने-जाने वालों की निगरानी समेत अन्य बिंदुओं के प्रभारी तय किये जा रहे हैं। 

रविवार को एडीजी ज़ोन पीयूष मोर्डिया ने वीडियो कांफ्रेंसिग कर अधिकारियों से रणनीति और व्यवस्था की विस्तृत जानकारी हासिल की है। उधर सतर्कता के मद्देनजर जुड़वाँ शहरों अयोध्या और फ़ैजाबाद में होटल, धर्मशाला, मठ-मंदिर की जाँच पड़ताल शुरू कराई गई है।

यह भी पढ़ें:-Person of Action के प्रतीक बन चुके हैं योगी आदित्यनाथ, उप राष्ट्रपति ने मंच से की CM Yogi की तारीफ

संबंधित समाचार