सतर्कता: सांस और बुखार के सभी रोगियों की होगी कोविड जांच
बरेली, अमृत विचार। कोविड के नए वेरिएंट जेएन-1 को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। इसके तहत जिला अस्पताल और तीन सौ बेड अस्पताल में सांस और बुखार रोगियों की कोविड जांच कराई जाएगी। दोनों स्थानों पर कोरोना फ्लू कार्नर बनाया गया है। विभागीय अफसरों के अनुसार लक्षण वाले मरीजों की आरटी-पीसीआर जांच कराने के साथ ही आईडीएसपी यूनिट को भी अलर्ट कर दिया गया है।
जिला अस्पताल में कोरोना जांच के लिए किट उपलब्ध है। तीन सौ बेड अस्पताल में किट मौजूद नहीं थी लेकिन शनिवार को यहां भी जांच किट उपलब्ध करा दी गईं। विशेषज्ञों के अनुसार ठंड का प्रकोप अधिक है। ऐसे में बड़ी संख्या में बच्चे और बुजुर्ग निमोनिया की गिरफ्त में आते हैं। वहीं कोविड का नए वेरिएंट को लेकर स्वास्थ्य महकमे की चिंता बढ़ गई है। जिसको लेकर निजी अस्पतालों को नोटिस जारी कर बच्चे और बुजुर्गों की खास निगरानी करने के आदेश दिए हैं। कोई मरीज सामने आने पर तत्काल सूचना विभाग को देने को कहा गया है।
ये भी पढे़ं- बरेली: बुढ़ापे की लाठी है पेंशन, हर हाल में लेकर रहेंगे अपना हक
