ट्रांसपोर्टर का कारनामा: खाद्यान्न ढुलाई में 8 से 10 रुपये प्रति बोरी हो रही वसूली, डीएसओ की जांच में हुआ खुलासा
ट्रांसपोर्टर को नोटिस जारी कर मांगा स्पष्टीकरण
गोंडा, अमृत विचार। सरकारी राशन की डोर स्टेप डिलीवरी में अवैध वसूली का मामला सामने आया है। कोटेदार के घर तक राशन ढुलाई करने के बदले ट्रांसपोर्टर 8 से ₹10 प्रति बोरी के हिसाब से अवैध वसूली कर रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी की जांच में इस अवैध वसूली का खुलासा हुआ है। डीएसओ ने ढुलाई ट्रांसपोर्टर को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
सरकारी खाद्यान वितरण की जिम्मेदारी उठा रहे कोटेदारों की सहूलियत के लिये जिले में सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी सिस्टम लागू है। इसमें कोटेदारों के घर तक खाद्यान पहुंचाने को लिए ट्रांसपोर्टरों को ठेका दिया गया है। हलधरमऊ व कटरा ब्लाक में परमाल सिंह यादव नाम के परिवहन ठेकेदार को खाद्यान ढुलाई की जिम्मेदारी मिली है लेकिन ठेकेदार खाद्यान डिलीवरी के बदले कोटेदारों से प्रति बोरी 8 से 10 रुपये की वसूली कर रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय की जांच में इसका खुलासा हुआ है। डीएसओ के मुताबिक उन्होने 20 दिसंबर को क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक के साथ कटरा बाजार ब्लाक के बसंतपुर हरसोपट्टी गांव के कोटेदार जगदंबा प्रसाद मिश्र, लक्ष्मणपुर गांव के कोटेदार राजितराम व धोबहाराय गांव के कोटेदार गोकरन उर्फ धनलाल की दुकान का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान जगदंबा प्रसाद ने बताया कि ठेकेदार द्वारा बोरे का वजन काटकर तौल में खाद्यान्न नहीं दिया गया है।
साथ ही 6 रुपये प्रति क्विंटल की पल्लेदारी भी ली गयी है। ट्रक के साथ जो लोग राशन उतारने आते है, यदि उनको पल्लेदारी न दिया जाय तो राशन उतारने से मना करते है और माँगने पर बोरी का वजन नहीं देते हैं। बार-बार कहने के बावजूद टीडी पर जबरदस्ती हस्ताक्षर कराकर चले जाते हैं।
हलधरमऊ केगोकरन उर्फ धनलाल ने बताया कि ट्रांसपोर्टर 10 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से पल्लेदारी लेता है। राजितराम ने भी 8 रुपये की वसूली की बात कही। इस खुलासे पर डीएसओ ने ट्रांसपोर्टर को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। डीएसओ कृष्ण गोपाल पांडेय का कहना है कि कोटेदारों से पल्लेदारी दी वसूली करना अनुबंध की शर्तों का उलंघ्घन है। ट्रांसपोर्टर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
यह भी पढ़ें;-बहराइच: ...अपनों की तलाश में पथराई परिजनों आंखें, चार माह से गायब हैं तीन लोग, मुकदमा दर्ज कर शांत हुई पुलिस
