बरेली: यह पीएम मोदी की गारंटी, गांवों की खोदी गलियां तुरंत बनवाएं अफसर- केशव प्रसाद मौर्य
बरेली/रिठौरा, अमृत विचार। गांव की गलियां किसानों के लिए हाईवे हैं, हर घर जल योजना के तहत ठेकेदारों ने इन्हें खोदकर छोड़ दिया है जिसकी वजह से गांवों में लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। अब ये गलियां तुरंत बनाई जाएं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने यह आदेश डीएम समेत तमाम अधिकारियों को यह कहते हुए दिया कि वे इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी मानें।
डिप्टी सीएम रविवार दोपहर रिठौरा नगर पंचायत परिसर में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गाड़ी बरेली के हर कोने तक पहुंच रही है जो हर समस्या के समाधान की गारंटी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के शासन में समाजवादियों का नारा था कि खाली प्लॉट हमारा है। उसी को अब गुंडों-माफिया से खाली कराया जा रहा तो अखिलेश को लग रहा है कि उनकी राजनीति खत्म हो जाएगी। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सबसे बड़ी अदालत जनता की अदालत है, जिसमें जनता ब्याज सहित जवाब देगी।
इससे पहले डिप्टी सीएम ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत करने के बाद सभी को विकसित भारत का संकल्प दिलाया। कृषि विभाग, विद्युत, ग्राम विकास विभाग, राजस्व विभाग, श्रम विभाग, बाल विकास पुष्टाहार, उद्योग विभाग, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम कौशल सम्मान निधि योजना, मिशन शक्ति आदि विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर बच्चों का अन्नप्राशन कराया। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के लाभार्थियों को चेक और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलिंडर दिए गए।
कार्यक्रम में ब्रज प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष बरेली पवन शर्मा, जिला प्रभारी चौधरी देवेंद्र सिंह, सांसद संतोष गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर उमेश गौतम, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, विधायक एमपी आर्या, डीसी वर्मा, पूर्व विधायक छत्रपाल गंगवार, बहोरन लाल मौर्य, डीएम रविद्र कुमार, एसएसपी घुले सुशील चन्द्रभान, सीडीओ जग प्रवेश, रिठौरा चेयरमैन शकुंतला देवी, सुक्खन लाल पटेल, अशोक कुमार गुप्ता, राकेश कश्यप, दीपक सोनकर, सोमपाल शर्मा, डॉ निर्भय गुर्जर, मेघनाथ सिंह कठेरिया, वीरपाल गंगवार, अंकित महेश्वरी, अभय चौहान आदि मौजूद रहे।
स्टालों पर आवेदन करने वालों को लाभ दिलाएं
डिप्टी सीएम ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य हर गांव के हर नागरिक तक केंद्र और प्रदेश सरकार की लाभकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है ताकि कोई पात्र किसी योजना के लाभ से वंचित ना रहे। विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी आवेदन स्टालों पर दिए जा रहे हैं, अगर पात्रता की सूची में आवेदकों का नाम है तो उन्हें लाभ दिलाया जाए।
दूध निकालकर गायों को छुट्टा न छोड़ें किसान
केशव प्रसाद ने किसानों से खेतों में पराली जलाने के बजाय उसे बेचकर लाभ उठाने का आह्वान किया। कहा, किसान गायों का दूध निकालने के बाद उन्हें खुला न छोड़ें। अधिकारियों को निर्देश दिए कि निराश्रित गोवंशीय पशुओं को गोशालाओं में पहुंचाएं। गन्ना अधिकारियों को किसानों के अवशेष भुगतान का फौरन भुगतान कराने के निर्देश दिए।
ये भी पढे़ं- बरेली: पुलिस के सामने सब्जी विक्रेता से मारपीट, रिपोर्ट दर्ज
