बरेली: ठेकेदार को अल्टीमेट, इस सप्ताह तक करेंगे स्काई वॉक का निर्माण पूरा
बरेली, अमृत विचार। स्काई वॉक का निर्माण पूरा करने के लिए अफसरों ने पूरा जोर ठेकेदार पर लगा दिया है। अफसरों ने एजेंसी को इसी सप्ताह काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद एजेंसी पर 25 से 50 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। अफसरों का कहना है कि सिर्फ रैलिंग लगाने का काम बाकी रह गया है जो समय से पूरा हो जाएगा।
स्मार्ट सिटी के इंजीनियर, निर्माण एजेंसी के सुपरवाइजर के साथ पटेल चौक पर निर्माणाधीन स्काई वॉक के काम को पूरा कराने में जुटे हैं। यहां सभी सीढ़ियों पर स्लैब पड़ गए हैं। पाथवे पर भी कोटा स्टोन बिछाया जा चुका है। कुछ जगह पत्थर की घिसाई का काम चल रहा है। पाथवे 4.5 मीटर चौड़ा है। इसी मार्ग पर लोगों को दुकानें आवंटित की जाएंगी, लेकिन अभी दुकानों को बनाने का काम स्मार्ट सिटी फिलहाल नहीं करेगा। दुकानों का एक नक्शा तय किया गया है, जिस व्यक्ति को दुकान आवंटित होगी उसे ही दुकान बनानी होगी। अभी तक इसी व्यवस्था के तहत कार्य हो रहा है। इसलिए दावा किया जा रहा है कि तय समय में काम पूरा हो जाएगा।
ये भी पढे़ं- बरेली: यह पीएम मोदी की गारंटी, गांवों की खोदी गलियां तुरंत बनवाएं अफसर- केशव प्रसाद मौर्य
