अयोध्या: देर शाम रेलवे के नवनियुक्त एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
अयोध्या,अमृत विचार: अयोध्या जंक्शन स्थित नव निर्मित रेलवे स्टेशन भवन के पीएम के हाथों प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर रविवार की देर शाम एसपी जीआरपी अयोध्या पहुंचे और स्टेशनों पर सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लिया। मातहतों के साथ बैठक कर आवश्यक हिदायत दी है।
बताया गया कि देर शाम लखनऊ अनुभाग के पुलिस अधीक्षक रेलवे देव रंजन वर्मा जनपद पहुंचे और उन्होंने साथ आए पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रथम विकास पांडेय तथा जीआरपी व दस्तों की टीम के साथ यात्रियों और श्रद्धालुओं तथा आगामी लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर अयोध्या जंक्शन व अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, नवनिर्मित रेलवे स्टेशन भवन परिसर व अन्य स्थानों का स्थलीय जायजा लिया तथा सुरक्षा और व्यवस्था की वर्तमान स्थिति तथा भावी कार्ययोजना की जानकारी ली। इसके बाद मातहत अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्था और आगामी रणनीति की समीक्षा की। जीआरपी थाने के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार राय ने बताया कि नवनियुक्त एसपी रेलवे ने पुलिस बल व एएस चेक टीम के साथ स्टेशनों का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है।
