मुरादाबाद : कोर्ट के आदेश पर कटघर पुलिस ने दर्ज की नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर
मुरादाबाद, अमृत विचार। खुले गटर में बेटे की डूबकर मौत होने और मुहल्ले के लोगों की दबंगई से परेशान पीड़ित की अर्जी पर न्यायालय ने पुलिस को संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जिस पर रविवार रात में कटघर थाना पुलिस ने बलदेवपुरी मुहल्ले के नौ आरोपियों के विरुद्ध सामान्य आरोपों के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें बब्लू, टिंकू, पिंटू, राम औतार, चंद्रपाल, निरंजन, चंद्रवती, गुड़िया और नन्हीं शामिल हैं। बलदेवपुरी के राम किशोर ने पुलिस को बताया है कि आरोपी अपराधिक प्रवृत्ति के हैं।
पुलिस से भी सांठ-गांठ रखते हैं, इसलिए मुहल्ले में दबंगई करते रहते हैं। पुलिस भी इनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं करती है। ये लोग आए दिन किसी न किसी बात को लेकर राम किशोर व उनके परिवार के लोगों से गाली-गलौज करते हैं। डराते-धमकाते हैं और मुहल्ले में न रहने देने की बात कहते हैं। राम किशोर का आरोप है कि आरोपी बब्लू ने अपने मकान का निर्माण पूरा करा लिया लेकिन, अपने गटर का टैंक बनाकर उसमें पानी भरकर छोड़ दिया है। टैंक के खुले रहने से उसमें कभी भी कोई हादसा हो सकता है।
रामकिशोर ने बताया कि 10 अक्टूबर के दिन दोपहर ढाई बजे की घटना है, उनका तीन साल का बेटा कार्तिक घर से बाहर खेल रहा था। काफी समय बाद बब्लू के खुले गटर के पास उसकी चप्पल देखकर पता चल पाया था कि वह इसी में डूब गया है। कार्तिक की इसी गटर के पानी में डूबकर मौत हो गई थी। रामकिशोर आरोपियों पर साजिश रचकर कार्तिक की हत्या का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि इस मामले की सूचना उन्होंने थाने पर दी थी लेकिन, पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं की। कई बार थाने पर गए, कार्तिक के शव के पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण पानी में डूबने से बताया गया।
राम किशोर कहते हैं कि मुहल्ले के आरोपियों की दबंगई से आजिज आकर उन्होंने थाने से लेकर, डीआईजी और मुख्यमंत्री तक को कई बार विभिन्न तरीके से अर्जी लगाई है। थाना पुलिस में सुनवाई नहीं होने पर परेशान राम किशोर ने 31 नवंबर को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय में अर्जी लगाई थी। जिस पर न्यायालय के आदेश पर अब रविवार रात में उनकी तरफ से कटघर थाने में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में कटघर थानाध्यक्ष तेजवीर सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। संंबंधित मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: मुरादाबाद : विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष पर हमलावर ने चलाई गोली, बाल बाल बचे
