रामपुर : बिजली के कनेक्शन काटने गए अवर अभियंता को अधिवक्ता ने पीटा, आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तहरीर के आधार पर अधिवक्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, मचा हड़कंप, गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला घेर मुबारक शाह की घटना, जांच शुरू

रामपुर, अमृत विचार। कनेक्शन काटने गए अवर अभियंता से अधिवक्ता ने गाली-गलौज कर दी। विरोध करने पर उसको पीट दिया जिसके बाद वहां पर हंगामा खड़ा हो गया। सूचना के बाद पुलिस को आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पहाड़ी गेट बिजली घर पर तैनात अवर अभियंता संजीव चौरसिया का कहना है कि रविवार की दोपहर करीब 12 बजे अपने स्टॉफ टीजीटू संजीव कुमार, रामगोपाल, लाईमैन ओमप्रकाश ताज मोहम्मद के साथ मोहल्ला घेर मुबारक शाह होते हुए क्वांटरों के सामने गली में विदयुत बकाएदारों के संयोजन विच्छेदन करा रहे थे, तभी वहां पर ताबिश पुत्र राशिद आया। अभियान को बंद करने को कहना लगा, मेरे द्वारा विरोध करने पर वह आग बबूला हो गया। उसके बाद मेरे हाथ से नोटिस लेकर उनको फाड़ दिया और गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगा। अभद्र भाषा कर प्रयोग करते हुए बोला कि मैं वकील हूं,मेरे संबंध ऊपर तक हैं,मेरे खिलाफ कोई कार्रवाई की गई,तो जान से मार दूंगा। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पहले भी हो चुकी मारपीट की घटनाएं
बिजली अधिकारियों और कर्मचारी के साथ मारपीट होने की यह पहली घटना नहीं है इससे पहले भी कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। गंज थाना क्षेत्र में पहले भी बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों को दौड़ाया जा चुका है। इसके अलावा अजीतपुर क्षेत्र में भी बिजली कर्मचारियों को पीट दिया गया है,जबकि कोतवाली क्षेत्र में बिजली कर्मचारियों को लोगों ने पीट दिया था। कई मामलों में रिपोर्ट तक दर्ज हो चुकी है।

जेई के साथ मारपीट की घटना मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा कुछ हुआ है तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।- इमरान खान,(अधिशासी अभियंता प्रथम)

 

संबंधित समाचार