छात्रों के बनाये मॉडल देख दंग रह गए सांसद, कहा - केंद्र सरकार के संज्ञान में लाऊंगा बच्चों का प्रयास
संतकबीरनगर, अमृत विचार। खलीलाबाद स्थित कुड़ीलाल रुंगटा सरस्वती विद्यामंदिर का वार्षिकोत्सव सोमवार को तमाम अतिथियों की गरिमामई उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय भाजपा सांसद इं प्रवीण निषाद, विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता समेत अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ कराया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई विज्ञान प्रदर्शनी ने अतिथियों को बेहद रोमांचित किया। लेजर सिक्योरिटी माडल को देख सांसद प्रवीण निषाद बेहद रोमांचित हुए। उन्होंने इस माडल की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह माडल घरों, प्रतिष्ठानों और देश के सीमाओं की सुरक्षा में बेहतरीन भूमिका निभा सकता है। केंद्र सरकार के संज्ञान में लाते हुए इसे राष्ट्रीय सुरक्षा में शामिल कराने का प्रयास करूंगा।

अपने सम्बोधन में पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि बच्चों को अपनी रुचि के अनुसार ही विषय और लक्ष्य तय करने चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को भी बच्चों पर अपनी इच्छा नहीं थोपनी चाहिए। शिक्षा के साथ ही खेल और आर्ट भी जीवन में अच्छी उपलब्धियां दिला सकते हैं। ऐसे में तय किए गए लक्ष्य को प्राप्त किए बगैर न थकें और न रुकें। प्रधानाचार्य राकेश कुमार अग्रहरि ने अतिथियों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित करने के साथ ही सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया।
इस मौके पर संघ के जिला प्रचारक राजीव नयन, वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश मिश्र, सर्वदानंद पाण्डेय, रामगोपाल रुंगटा, अरुंणेंद्र त्रिपाठी, डॉ एस पी सिंह, आनन्द त्रिपाठी, प्रदीप सिंह सिसौदिया, सुनीता अग्रहरि, डॉ सोनी सिंह, ऊषा पाण्डेय, रामललित चौधरी, धनंजय पाण्डेय, शुभम राय समेत सैकड़ों अतिथि, छात्र छात्राओं के साथ ही भारी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया पूर्व प्रधानमंत्री का जन्मदिन, BJP कार्यालय पर हुआ आयोजन
