गोंडा: धानेपुर पुलिस ने दबोचे अंतर्जनपदीय शातिर चोर, कुछ इस तरह दुकानों का ताला तोड़कर उड़ाते थे माल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। गोंडा समेत कई जिलों की पुलिस के लिए मुसीबत बने अंतर्जनपदीय चोरों का गिरोह सोमवार को धानेपुर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिरों को गिरफ्तार कर उनके पास से बड़े पैमाने पर चोरी का माल बरामद किया है। 

धानेपुर थाने के प्रभारी अंकुर वर्मा के मुताबिक सोमवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान पुलिस टीम को चोरी करने वाले गिरोह के जिले में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरोह के तीन शातिरों को
साहबगंज तिराहे से दबोच लिया। 

पूछताछ में तीनों ने बताया कि वह गोंडा व श्रावस्ती जिले में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। आरोपी रात के अंधेरे में दुकानों का ताला तोड़कर माल उड़ा लेते थे। एसओ अंकुर वर्मा ने बताया कि पकड़े गए शातिर अंतर जनपदीय गिरोह के सदस्य हैं। 

गिरफ्तार किया गया शातिर ब्रह्मानन्द सोनकर बलरामपुर जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के फुलवरिया बाईपास मौजा विशुनपुर का रहने वाला है जबकि लालबाबू श्रावस्ती जिले के थाना न्यू मार्डन दमरवा मौजा परसरामपुर व अनोखी भिनगा कोतवाली के वेनीडिहवा गांव का है। आरोपी लालबाबू व अनोखी के खिलाफ श्रावस्ती जिले में भी चोरी व आर्म्स एक्ट के तहत कई एफआईआर दर्ज है। 

मोबाइल शॉप में हुई चोरी के मामले में थी आरोपियों की तलाश 

पकड़े गए आरोपियों ने धानेपुर थाना क्षेत्र के भरतगंज चौराहा पृथ्वीपालगंज ग्रंट स्थित एक मोबाइल शाप में चोरी की थी। शातिर चोर दुकान के शटर ताला तोड़कर लाखों रुपये का मोबाइल फोन ,इन्वर्टर, बैटरी, व चेक बुक उठा ले गए थे। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया था और घटना के खुलासे के जिम्मेदारी थाने के उप निरीक्षक अवधेश यादव को सौंपी गयी थी। 

आरोपियों के पास से इन सामानों की हुई बरामदगी

पकड़े गए तीनों चोरों के पास से पुलिस ने इनवर्टर, बैट्री, 20 मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पहचान पत्र व बैंक की चेक बुक बरामद किया है‌। आरोपियों को दबोचने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अवधेश यादव, आदित्य गौरव श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल दया यादव, कुशहर यादव कार्तिकेय तिवारी, रामदरश यादव व कांस्टेबल चेतन पाण्डेय शामिल रहे।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: नियुक्ति की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी, जानें कहां फंसा है पेंच

संबंधित समाचार